{"vars":{"id": "127470:4976"}}

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री बेगम खालिदा ज़िया का निधन, लंबी बीमारी के बाद फज्र की नमाज़ के बाद ली अंतिम सांस

 

RNE Bikaner.

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री बेगम खालिदा ज़िया का निधन हो गया है, वो लंबे समय से बीमार चल रहीं थीं। बेगम खालिदा ज़िया बांग्लादेश की प्रमुख राजनेता और देश की पूर्व प्रधानमंत्री थीं। वे बांग्लादेश के पूर्व राष्ट्रपति जियाउर रहमान की पत्नी थी।

पति की मौत के बाद खालिदा ज़िया सक्रिय राजनीति में आईं। उन्होंने बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी का नेतृत्व संभाला। BNP ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि उनका निधन सुबह करीब 6 बजे, फज्र की नमाज़ के ठीक बाद हुआ। 

इस समय  बांग्लादेश में राजनीतिक उथल पुथल है। देश में आम चुनाव का ऐलान हो चुका है, जिसमें भाग लेने के लिए खालिदा ज़िया के बेटे तारिक रहमान करीब 17 सालों के बाद देश लौट चुके हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री और बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी की अध्यक्ष बेगम खालिदा जिया के निधन पर शोक व्यक्त किया, सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बांग्लादेश की पहली महिला प्रधानमंत्री के रूप में देश के विकास और भारत-बांग्लादेश संबंधों में उनके महत्वपूर्ण योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।