Gas Supply सामान्य : पश्चिम एशिया में हालात सुधरने के बाद केंद्र ने वापस लिया आपातकालीन नियंत्रण आदेश
RNE New Delhi.
पश्चिम एशिया में संघर्ष के कारण उत्पन्न गैस आपूर्ति संकट खत्म होने के साथ ही केंद्र सरकार ने प्राकृतिक गैस पर लगाए गए सभी आपातकालीन प्रतिबंध हटा दिए हैं। सरकार ने 9 मार्च 2026 से लागू प्राकृतिक गैस आपूर्ति नियंत्रण आदेश वापस लेते हुए गैस की बुकिंग, आवंटन और डिलीवरी पर लगी सभी अस्थायी पाबंदियां समाप्त कर दी हैं। अब देशभर में प्राकृतिक गैस की आपूर्ति पहले की तरह सामान्य व्यवस्था के तहत होगी।
सरकार की ओर से जारी अधिसूचना में कहा गया है कि पश्चिम एशिया में संघर्ष के दौरान हॉर्मुज़ जलडमरूमध्य से तरलीकृत प्राकृतिक गैस (एलएनजी) के जहाजों की आवाजाही प्रभावित हो गई थी। इसके चलते गैस की उपलब्धता बनाए रखने के लिए आपूर्ति को प्राथमिकता वाले क्षेत्रों तक सीमित करने और बुकिंग से लेकर वितरण तक विशेष नियंत्रण लागू किए गए थे।
अब क्षेत्र में युद्धविराम लागू होने, कूटनीतिक वार्ता आगे बढ़ने और हॉर्मुज़ जलडमरूमध्य से समुद्री यातायात सामान्य होने के बाद सरकार ने प्राकृतिक गैस (आपूर्ति विनियमन) (संशोधन) आदेश, 2026 जारी कर सभी आपातकालीन प्रतिबंध समाप्त कर दिए हैं। यह आदेश राजपत्र में प्रकाशित होने के साथ ही तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।
सरकार के इस फैसले से गैस आपूर्ति श्रृंखला पूरी तरह सामान्य हो जाएगी। उद्योगों, बिजली संयंत्रों, सीएनजी और पीएनजी नेटवर्क के साथ अन्य उपभोक्ताओं को भी अब बिना किसी विशेष नियंत्रण के नियमित गैस उपलब्ध होगी। माना जा रहा है कि इससे ऊर्जा क्षेत्र में स्थिरता आएगी और गैस आधारित उद्योगों की संचालन व्यवस्था भी पहले की तरह सुचारु हो सकेगी।