{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Chandigarh Govt Job : चंडीगढ़ में खुलेगा सरकारी नौकरियों का पिटारा, नए भर्ती नियम किए तैयार 

चंडीगढ़ प्रशासन रिक्त पदों पर जल्द करेगा स्थायी भर्ती
 

चंडीगढ़ प्रशासन में लंबे समय से स्थायी भर्ती का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए खुशखबरी है। 2026 में यूटी प्रशासन बड़े स्तर पर रिक्त पदों पर भर्ती का खाका तैयार कर चुका है। अगले दो तीन महीनों के बीच विभिन्न विभागों में भर्ती प्रक्रिया को शुरू कर दिया जाएगा। करीब तीन वर्ष के लंबे इंतजार के बाद आखिर यूटी प्रशासन के पर्सोनल विभाग ने सेंट्रल सर्विस रुल्स लागू होने के बाद नए भर्ती नियमों का ड्राफ्ट तैयार कर लिया है।

यूटी चीफ सेक्रेटरी के निर्देशों पर सभी विभागों से मंजूर और रिक्त पदों की जानकारी अगले 15 दिनों में एकत्र करने के निर्देश दिए हैं, ताकि अगले दो से तीन महीनों के भीतर रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया को शुरू किया जा सके। जानकारी अनुसार यूटी के पर्सोनल विभाग की ओर से यूटी प्रशासन के 40 से अधिक विभागों में मंजूर 550 विभिन्न पदों में से 330 के रिक्रूटमेंट रुल्स (आरआर) को अप्रूवल दे दी है।

अन्य पदों को भी मंजूरी के लिए केंद्र सरकार के पास भेजा गया है। चंडीगढ़ में सेंट्रल सर्विस रुल्स लागू होने के बाद अब नए सिरे से रिक्रूटमेंट रुल्स तैयार किए गए हैं। चंडीगढ़ में स्थायी नौकरी के लिए पंजाब, हरियाणा, हिमाचल, दिल्ली ही नहीं देश भर से युवा आवेदन करते हैं। बीते वर्ष शिक्षा विभाग में रिकॉर्ड पदों पर शिक्षकों की भर्ती हुई है।

प्रशासन में 25 हजार आउटसोर्स कर्मचारी

चंडीगढ़ प्रशासन के 40 से अधिक विभागों में मंजूर 4500 के करीब पद रिक्त हैं। जिन्हें यूटी प्रशासन को केंद्र सरकार के निर्देशों के तहत भरना है। यूटी प्रशासन में 25 हजार के करीब कर्मचारी कांट्रैक्ट और आउटसोर्स पर नियुक्त हैं। दो वर्ष में बड़ी संख्या में रेगुलर कर्मचारियों की रिटायरमेंट भी है। पांच वर्ष से अधिक समय तक किसी भी पोस्ट के रिक्त रहने पर केंद्र सरकार ने उसे रद करने का नोटिफिकेशन जारी किया हुआ है।

चंडीगढ़ प्रशासन चीफ सेक्रेटरी एच राजेश प्रसाद ने कहा कि विभागों में कर्मचारियों के रिक्त पदों को भरना प्रशासन की प्राथमिकता सूची में शामिल है। जिन पदों के लिए भर्ती नियमों को अप्रूवल मिल गई है उन पर जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी। सभी विभागों से इस संबंध में कार्रवाई करने को कहा गया है।