Gwalior Truck Accident : श्रद्धालुओं को कुचलता हुआ ट्रक मंदिर की दीवार में घुसा, 15 की मौत, 39 घायल
Rudra News Express Kolkata-Bhopal.
कोलकाता में दुर्गा पंडाल गिरने से 19 की मौत और 40 घायल होने की दर्दनाक खबर के बाद ग्वालियर में भी दर्दनाक हादसा होने की खबर आई है। यहाँ देवी को धोक लगाने जा रहे श्रद्धालुओं पर बेकाबू ट्रक चढ़ गया। हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई और 39 घायल हो गए।
दरअसल ग्वालियर में श्रद्धालु सप्तमी के मौके पर शीतला माता मंदिर में दर्शन करने जा रहे थे। रात करीब डेढ़ बजे चीनौर रोड पर धान से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर श्रद्धालुओं को कुचलता हुआ मंदिर की दीवार से टकरा गया। ग्वालियर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह यादव के मुताबिक हादसे में 15 लोगों की मौत हुई है जबकि 39 लोग घायल हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि रास्ते में ढलान पर भारी वाहनों को रोका गया था, लेकिन किसी कारण से ट्रक अनियंत्रित होकर नीचे उतरा और दीवार से टकराकर रुका। इसकी चपेट में आने से कई श्रद्धालु घायल हुए, जिनमें दो पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।
सीएम यादव सख्त-CSP को हटाया, 08 पुलिसकर्मी सस्पेंड :
दुर्घटना के मामले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने घटना की विस्तृत जांच कर जिम्मेदारी तय करने और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित सीएसपी को तत्काल हटाने तथा तीन थाना प्रभारियों, एक यातायात निरीक्षक, एक प्रधान आरक्षक और तीन आरक्षकों सहित कुल आठ पुलिसकर्मियों को निलंबित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जनसुरक्षा के मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख की सहायता :
मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये, गंभीर घायलों को 2-2 लाख रुपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। सभी घायलों का नि:शुल्क उपचार कराया जाएगा। मुख्यमंत्री ने मंत्री एदल सिंह कंषाना और राकेश शुक्ला को जल्द ग्वालियर पहुंचने के निर्देश भी दिए हैं।मुख्यमंत्री ने बताया कि हादसे से प्रभावित परिवार ग्वालियर, शिवपुरी और श्योपुर के हैं। उन्होंने मंत्री एदल सिंह कंषाना और राकेश शुक्ला को यथाशीघ्र ग्वालियर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने बाबा महाकाल से दिवंगतों को अपने श्रीचरणों में स्थान देने, शोकाकुल परिजनों को दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की है।
लोगों में आक्रोश, देरी से अस्पताल पहुंचाया, ट्रक नो एंट्री में कैसे आया :
हादसे के बाद लोगों का दुख आक्रोश में बदलने लगा है। आरोप है कि कई घायलों को लगभग दो घंटे तक अस्पताल नहीं पहुंचाया गया। कुछ लोगों ने नो-एंट्री में ट्रक आने पर भी सवाल उठाया।