Budget 2026 : बजट 2026 में मजदूर व गरीबों से जुड़ी योजनाओं का बढ़ाया बजट, किसानों को कुछ अतिरिक्त नहीं मिला
Budget 2026 Updates : बजट 2026 में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण मजदूर परिवार को मिलने वाले रोजगार के बजट को बढ़ाया है, जबकि किसानों को इस बजट में कुछ अतिरिक्त नहीं दिया गया है। इसके अलावा गरीब लोगों को वितरित होने वाले अनाज व आयुष्मान योजना के तहत होने वाले इलाज के बजट में सरकार की तरफ से वृद्धि की गई है।
ऐसे में कहा जा सकता है कि किसानों के मामले में यह बजट बिल्कुल ही खाली रहा है। किसान व मजदूरों के लिए सरकार की तरफ से चलाई जा रही चार मुख्य योजना में तीन का बजट में व़ृद्धि की गई है, जबकि किसानों को मिलने वाले पीएम किसान निधि की राशि में कोई बदलाव नहीं किया गया है, सरकार की तरफ से पहले से आबंटित राशि को ज्यो का त्यों रखा गया है।
किसान व मजदूर को मिलने वाली इन योजना में कितना दिया बजट
वीबी-जीराम जी को सरकार ने दिया ज्यादा बजट
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमन द्वारा पेश किए गए वर्ष 2026 बजट में रोजगार गारंटी से जुड़ी वीबी-जीराम जी (VB-G RAM G, पहले मनरेगा) पर फोकस रखा गया है। बजट में इस योजना के लिए 95,692.31 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। पिछले साल मूल बजट 86,000 करोड़ था, जिसे संशोधित अनुमान में बढ़ाकर 88,000 करोड़ किया गया था। इसके अलावा इस साल मनरेगा के प्रोग्राम कंपोनेंट के लिए अलग से 30,000 करोड़ रुपये रखे गए हैं। इसका सीधा फायदा ग्रामीण मजदूरों, बेरोजगार परिवारों और गांवों में छोटे इंफ्रास्ट्रक्चर कामों को मिलेगा।
पीएम किसान योजना को 63500 करोड़ का आवंटन
किसानों के लिए चल रही प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM Kisan Yojana) का बजट 63,500 करोड़ रुपए रखा गया है, जो पिछले साल के बराबर है। इस योजना के तहत छोटे और सीमांत किसानों को सीधे खाते में किस्त मिलती है, जिससे बीज, खाद और खेती के खर्च में मदद होती है।
आयुष्मान भारत योजना को क्या मिला?
स्वास्थ्य क्षेत्र में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PM-JAY) के लिए 9,500 करोड़ रुपए का आवंटन किया गया है। पिछले साल यह 9,401 करोड़ था, जो रिवाइज्ड अनुमान में घटकर 8,995 करोड़ रह गया था। इस स्कीम से गरीब और कमजोर परिवारों को मुफ्त इलाज की सुविधा मिलती है, खासकर बड़े अस्पतालों में महंगे इलाज के दौरान।
पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना पर कितने खर्च होंगे?
खाद्य सुरक्षा के लिए प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना (PMGKAY) पर 2,27,429 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। पिछले साल 2,03,000 करोड़ का बजट था, जो संशोधित अनुमान में बढ़कर 2,27,753.65 करोड़ हो गया था। इस योजना से करोड़ों गरीब परिवारों को मुफ्त या सस्ता राशन मिलता है।