{"vars":{"id": "127470:4976"}}

India-Pakistan फाइनल में भिड़ेंगे : इंडिया ने श्रीलंका को 124 रन से हराया, भारत-पाकिस्तान में होगा एशियन गेम्स फाइनल

ईशान किशन की नाबाद 80 रन की पारी, वैभव सूर्यवंशी ने 21 गेंदों में बनाए 38 रन; श्रीलंका 45 रन पर ढेर

 

Rudra News Express Sports Desk. 

भारत ने एशियन गेम्स 2026 के पुरुष क्रिकेट सेमीफाइनल में श्रीलंका को 124 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली है। अब गोल्ड मेडल के लिए शनिवार, 3 अक्टूबर को भारत का मुकाबला पाकिस्तान से होगा। पुरुष एशियन गेम्स क्रिकेट में यह पहली बार होगा, जब भारत और पाकिस्तान फाइनल में आमने-सामने होंगे।

निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 169 रन बनाए। ईशान किशन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 46 गेंदों पर नाबाद 80 रन बनाए। वहीं युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने 21 गेंदों में 38 रन की तेजतर्रार पारी खेली। 

169 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 9.5 ओवर में महज 45 रन पर ऑलआउट हो गई। जसप्रीत बुमराह और अक्षर पटेल ने दो-दो विकेट लिए। अभिषेक शर्मा ने भी दो विकेट चटकाए। भारतीय टीम की फील्डिंग भी प्रभावी रही और तीन श्रीलंकाई बल्लेबाज रन आउट हुए।

 

पाकिस्तान ने बांग्लादेश को हराया : 

दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान ने बारिश से प्रभावित मुकाबले में बांग्लादेश को 6 विकेट से हरा दिया। बारिश के कारण मैच को 13-13 ओवर का कर दिया गया था। बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 111 रन बनाए। पाकिस्तान ने 11.3 ओवर में 4 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और फाइनल में भारत से भिड़ने का टिकट कटाया। 

3 अक्टूबर को गोल्ड मेडल की भिड़ंत : 

भारत और पाकिस्तान के बीच एशियन गेम्स पुरुष क्रिकेट का गोल्ड मेडल मुकाबला 3 अक्टूबर को निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेला जाएगा। मुकाबला भारतीय समयानुसार सुबह 10 बजे शुरू होगा।