India Post Franchise : डाक विभाग 10वीं व 12वीं पास को घर बैठे ही कमाई का देगा मौका, इंडिया पोस्ट की फ्रैंचाइजी स्कीम की शुरू
डाक विभाग ने फ्रैंचाइजी स्कीम 2.0 शुरू की है। इस नई योजना का उद्देश्य आम लोगों और फर्मों को डाक सेवाओं से जोड़कर रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराना है
देश में तेजी से बढ़ते ई-कॉमर्स कारोबार और डॉक्यूमेंट्स डिलीवरी की बढ़ती मांग को देखते हुए डाक विभाग ने फ्रैंचाइजी स्कीम 2.0 शुरू की है। इस नई योजना का उद्देश्य आम लोगों और फर्मों को डाक सेवाओं से जोड़कर रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराना है।
इस स्कीम के तहत एडवांस्ड पोस्टल टेक्नोलॉजी (एपीटी 2.0) प्लेटफॉर्म के जरिए बुकिंग, डिलीवरी और पिक-अप सेवाओं को पहले से अधिक आसान बनाया गया है। योजना के तहत अब व्यक्ति या रजिस्टर्ड फर्मे स्पीड पोस्ट, पार्सल सेवा और इंटरनेशनल ईएमएस जैसी सुविधाएं अपने स्तर पर ग्राहकों को उपलब्ध करा सकेंगी। चंडीगढ़ और पंजाब सर्कल के सीनियर सुपरिंटेंडेंट ऑफ पोस्ट कुमार संजीव ने बताया कि चंडीगढ़ में किसी सेक्टर का परमानेंट निवासी यह फ्रेंचाइजी लेकर यह काम अपने घर से ही कर सकता है।
डाक विभाग की सभी शर्तें पूरी करने वाले व्यक्ति को अधिकृत किया जाएगा। उसे बार कोड व अन्य जरूरी चीजें मुहैया करवाई जाएंगी। आगे जाकर डाक डिलीवरी की सुविधा भी फ्रेंचाइज की जाएगी। इससे पोस्टमेन की नौकरी पर आंच नहीं आएगी। यह सुविधा वहां ज्यादा कारगर होगी जहां नजदीक में डाकघर नहीं हैं या फिर लोग डाकघर के बजाय अपने घर के नजदीक ही इस सुविधा का लाभ उठाना चाहते हैं। डाक विभाग की यह पहल युवाओं और छोटे कारोबारियों के लिए स्वरोजगार का एक सशक्त माध्यम साबित हो सकती है।
फ्रैंचाइजी स्कीम 2.0 पात्रता शर्तें
इस योजना में आवेदन करने के लिए 12वीं पास होना अनिवार्य है, जबकि डिलीवरी से जुड़े कार्यों के लिए 10वीं पास उम्मीदवार भी पात्र होंगे। इसके अलावा बेसिक कंप्यूटर ज्ञान और वैध ड्राइविंग लाइसेंस होना जरूरी है।
फर्मों के लिए पैन, जीएसटी रजिस्ट्रेशन, इन्कम टैक्स रिटर्न आदि डॉक्यूमेंट्स और कम से कम 10 सब-फ्रैंचाइजी का नेटवर्क होना आवश्यक होगा। डाक विभाग के मौजूदा कर्मचारियों के परिजन इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगे।
सेवाएं और कमीशन
फ्रैंचाइजी के माध्यम से बुकिंग, डिलीवरी और पिक-अप जैसी सेवाएं संचालित की जाएंगी। स्पीड पोस्ट दस्तावेजों पर मिलने वाला कमीशन रेवेन्यू के आधार पर 7% से 30% तक तय किया गया है। इसके अलावा पार्सल डिलीवरी पर फ्रैंचाइजी को प्रति पार्सल 15 रुपये तक का भुगतान किया जाएगा। सभी भुगतान डिजिटल वॉलेट के माध्यम से किए जाएंगे, यह डेली बेसिस पर सेटलमेंट होगा।
आवेदन प्रक्रिया
इच्छुक आवेदकों को संबंधित डिविजनल हेड के पास ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन के लिए 21 दिनों की समय-सीमा निर्धारित की गई है। चयन स्क्रीनिंग कमेटी द्वारा किया जाएगा और चयनित उम्मीदवारों के साथ 3 वर्षों के लिए समझौता (एमओयू) किया जाएगा। योजना के तहत 5000 से 15000 रुपये तक का सिक्योरिटी डिपॉजिट भी जमा करना होगा।