बांग्लादेश स्थित दूतावास में भारतीय सुरक्षा अधिकारी का शव मिला, हरियाणा के निवासी थे मृतक नरेंद्र
RNE Network Dhaka.
बांग्लादेश के चटोग्राम स्थित भारतीय सहायक उच्चायोग परिसर में एक भारतीय अधिकारी का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान 35 वर्षीय नरेंद्र के रूप में हुई है, जो भारतीय सहायक उच्चायोग में सहायक सुरक्षा प्रोटोकॉल अधिकारी के पद पर कार्यरत थे। वे मूल रूप से हरियाणा के निवासी बताए गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना चटोग्राम के खुलशी इलाके स्थित भारतीय दूतावास परिसर की है। दूतावास कर्मियों को जब नरेंद्र के कमरे से लंबे समय तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे से नरेंद्र का शव बरामद किया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए चटोग्राम मेडिकल कॉलेज अस्पताल के मुर्दाघर में भेज दिया गया है। मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। भारतीय दूतावास की ओर से भी घटना को लेकर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।