IPL News : पंजाब किंग्सन के नए मिस्ट्री स्पिनर ने सबका दिल जीता, बोले विराट सर का विकेट लूंगा, फिर पैर छू लूंगा...
आईपीएल में पंजाब किंग्सन के खिलाड़ी विशाल निषाद को देश के नए मिस्ट्री स्पिनर के रूप में देखा जा रहा है। ये वही गेंदबाज है, जो 5 साल पहले पिता के साथ मजदूरी कर रहा था। अब उसी हाथों की मिस्ट्री बॉल्स को पढ़ना बल्लेबाजों के लिए मुश्किल हो रहा है। 2025 की मिनी ऑक्शन में विशाल को पंजाब किंग्स ने 30 लाख रुपए खर्च कर अपने साथ जोड़ा। पिता हार्ट पेशेंट हैं। विशाल ने उन्हें कह दिया कि अब काम नहीं करना है।
उत्तरप्रदेश के रहने वाले विशाल ने कहा कि पंजाब टीम बहुत अच्छी है। ऐसा नहीं लग रहा कि मैं घर से बाहर हूं। मैं जहां से आता हूं, वहां पर छोटे-छोटे घर हैं, लेकिन चंडीगढ़ में हाई-फाई कोठियां हैं। 2021 तक पिता के साथ मजदूरी पर जाता था। बहन की शादी की, तब भी मैं काम ही करता था।
इसके बाद टेनिस बॉल क्रिकेट खेला तो पिता एकेडमी लेकर गए। वहां से पहचान मिली। जब मुझे करियर का पहला आईपीएल कॉन्ट्रैक्ट किंग्स ने दिया तो मैंने पिता जी को काम के लिए मना कर दिया। कहा कि आप काम मत करिए, मैं सब संभाल लूंगा। हालांकि अभी भी वे बीच-बीच में काम पर चले जाते हैं।
विराट सर का विकेट लूंगा, फिर पैर छू लूंगा...
विशाल भी विराट कोहली के दीवाने हैं। बोले- हां, मुझे विराट कोहली का विकेट चाहिए। ये सभी की ड्रीम विकेट है। मेरे लिए भी बड़ी चीज है। जब ये मौका आएगा तो मैं जश्न नहीं मनाऊंगा, उनके पैर छू लूंगा। मैं जर्सी नंबर 18 चाहता था, क्योंकि विराट भाई पहनते हैं। लेकिन टीम में ये जर्सी प्रियांश भाई पहनते हैं तो मैंने 81 नंबर ले लिया।
विशाल मिस्ट्री स्पिनर हैं। टीम कैंप में वे सभी को आउट कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि मेरी बॉलिंग वरुण चक्रवर्ती से मिलती है। मैं हर बॉल अलग डालने की कोशिश करता हूं। कैरम बॉल थोड़ी अलग है, जिसे पढ़ना मुश्किल है। यूपी लीग में भी मुझे इसी बॉलिंग से पहचान मिली थी, क्योंकि वहां पर बल्लेबाजों के लिए बॉल पढ़ना मुश्किल था।
मेरे लिए 30 लाख बहुत बड़ी रकम है
आईपीएल में कई प्लेयर्स को करोड़ों में खरीदा गया। विशाल ने कहा कि मेरे लिए 30 लाख बहुत बड़ी रकम है। ऑक्शन के पहले दो राउंड में नहीं खरीदा गया तो निराश था, लेकिन किस्मत में खेलना लिखा था। ये पैसे मेरे परिवार की जिंदगी बदल सकते हैं। करोड़ों से ज्यादा खुशी देते हैं ये। यूपी में मुझे ज्यादा से ज्यादा 1.5 लाख मिले थे। यहां पर तो कई गुना ज्यादा मिले हैं।