{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Pakistan : जुम्मे की नमाज चल रही थी, आतंकियों ने  विस्फोटक से भरी गाड़ी मस्जिद से भिड़ा दी, 21 की मौत, 80 घायल

पाकिस्तान : जुम्मे की नमाज में आत्मघाती हमला, 21 की मौत, 80 से ज्यादा घायल

 

Rudra News Express Internation Desk. 

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कोहाट जिले में जुम्मे की नमाज के दौरान बड़ा आत्मघाती हमला हुआ। पुलिस लाइन परिसर में स्थित मस्जिद के पास विस्फोटक से भरी गाड़ी के धमाके में शुरुआती तौर पर कम से कम 16 लोगों की मौत और 57 लोगों के घायल होने की सूचना आई। मृतकों में पांच पुलिसकर्मी शामिल बताए गए जिन्हें मिलाकर बाद में मृतकों की संख्या 21 और घायल 80 से ज्यादा होने की मीडिया रिपोर्ट आई है। 

धमाका इतना शक्तिशाली था कि मस्जिद और पुलिस लाइन परिसर का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और दीवार ढह गई। घटनास्थल पर राहत और बचाव अभियान चलाया गया तथा घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। प्रशासन ने अस्पताल में आपात स्थिति घोषित की है और कोहाट-हंगू रोड को बंद कर दिया गया।

पुलिस लाइन में घुसे आतंकी, 06 मारे गए  : 

पुलिस के अनुसार, शुरुआती हमले के बाद सात सशस्त्र आतंकियों ने पुलिस लाइन परिसर में घुसने की कोशिश की। सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में छह आतंकियों के मारे जाने की सूचना है। इनमें एक आत्मघाती हमलावर भी शामिल बताया गया है। पाकिस्तान के आधिकारिक रेडियो के अनुसार, विस्फोट जुम्मे की नमाज के दौरान हुआ और सुरक्षा बलों ने इलाके को घेरकर तलाशी अभियान शुरू किया।

हमले की जिम्मेदारी पर अलग-अलग रिपोर्ट : 

पाकिस्तानी अखबार 'Dawn' ने रिपोर्ट किया है कि हाफिज गुल बहादुर के नेतृत्व वाले इत्तेहादुल मुजाहिदीन ने हमले की जिम्मेदारी ली है। हालांकि Reuters की रिपोर्ट के अनुसार, शुरुआती घंटों में किसी संगठन ने तत्काल जिम्मेदारी नहीं ली थी और TTP ने हमले में शामिल होने से इनकार किय। इसलिए जिम्मेदारी से जुड़ी जानकारी को अभी सावधानी से देखा जा रहा है।

मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका : 

शुरुआत में 16 मौत 57 घायल की जानकारी सामन आई। शाम होते-होते मृतकों का आंकड़ा 21 और घायलों की संख्या 80 से ज्यादा बताई जा रही है। कुछ की हालत गंभीर है। खैबर पख्तूनख्वा के अधिकारियों ने घटना की रिपोर्ट मांगी है और घायलों के उपचार के लिए अस्पतालों में विशेष व्यवस्था की गई है।