{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Rail Accident : खुले क्रॉसिंग से गुजर रही थी स्कूली वैन, पटरी पर आ गई ट्रेन, 02 बच्चों सहित 03 की मौत, कई घायल 
 

 


Rudra News Express West Bengal. 

पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले से एक दर्दनाक रेल हादसे की खबर सामने आई है। यहां बरहमपुर थाना क्षेत्र के कर्णसुबरना रेलवे फाटक पर खुले क्रॉसिंग से गुजर रही स्कूली बच्चों से भरी वैन को निमटिता-कटवा पैसेंजर ट्रेन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दो मासूम स्कूली बच्चों समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल में जारी है।

सुबह करीब सात बजे बच्चों को लेकर स्कूल जा रही वैन रेलवे फाटक पार कर रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फाटक खुला होने के कारण चालक ने वैन को ट्रैक पर बढ़ाया, लेकिन तभी दूसरी लाइन पर तेज गति से आ रही पैसेंजर ट्रेन ने वैन को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए और घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि पहले अप लाइन से एक ट्रेन गुजरने तक रेलवे फाटक बंद था, लेकिन उसके निकलते ही फाटक खोल दिया गया। इसी दौरान दूसरी लाइन पर दूसरी ट्रेन आने वाली थी, फिर भी फाटक दोबारा बंद नहीं किया गया। लोगों का कहना है कि यही लापरवाही हादसे का मुख्य कारण बनी।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और पूर्वी रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से घायल बच्चों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। कई बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पूर्वी रेलवे ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। रेलवे की विशेष टीम यह पता लगाएगी कि दुर्घटना के समय रेलवे फाटक खुला क्यों था, सुरक्षा नियमों का पालन हुआ या नहीं, और हादसे के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर क्या कार्रवाई की जाएगी।