Railway Parcel Booking : रेलवे ने पार्सल बुकिंग पर लगाई रोक, चार दिन तक पार्सलों पर रहेगी अस्थाई प्रतिबंध
गणतंत्र दिवस समारोह को देखते हुए रेलवे द्वारा दिल्ली क्षेत्र के लिए पार्सल बुकिंग पर चार दिनों की अस्थाई रोक लगाई गई है। यह आदेश भोपाल मंडल सहित सभी संबंधित रेल मंडलों पर समान रूप से लागू रहेगा।
रेलवे द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार दिनांक 23 से 26 जनवरी तक दिल्ली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले स्टेशनों-नई दिल्ली, दिल्ली जंक्शन, हजरत निजामुद्दीन, आनंद विहार टर्मिनल, दिल्ली सराय रोहिल्ला एवं आदर्श नगर दिल्ली के लिए सभी प्रकार के पार्सलों के लेन-देन पर अस्थाई प्रतिबंध रहेगा।
इस अवधि में पार्सल गोदामों का संचालन तथा रेलवे पार्सल पैकेजिंग से जुड़ी गतिविधियां बंद रहेंगी। इसके अंतर्गत सभी स्टेशनों पर लीज पर दिए गए एसएलआर, एजीसी एवं वीपीएस के माध्यम से होने वाले अंदर एवं बाहर के समस्त पार्सल ट्रैफिक पर भी रोक रहेगी।
इस दौरान यात्री कोचों में यात्रियों को केवल व्यक्तिगत उपयोग का सामान ही ले जाने की अनुमति होगी। वहीं पंजीकृत समाचार पत्रों एवं पत्रिकाओं की बुकिंग संबंधित वाणिज्यिक औपचारिकताओं की पूर्ति के पश्चात ही की जा सकेगी। यह आदेश देश के सभी रेल मंडलों एवं क्षेत्रीय जोनों से दिल्ली क्षेत्र में रुकने वाली ट्रेनों की लोडिंग एवं अनलोडिंग गतिविधियों पर भी समान रूप से लागू रहेगा।
ट्रेनों पर पत्थर फेंकने वालों को चेतावनी दी, दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी
देश भर के अलग-अलग रेलवे जोन में ट्रेनों पर पत्थर फेंकने की घटनाओं पर कड़ी नजर रख रहा है। ऐसे गैर-कानूनी काम न सिर्फ यात्रियों और रेलवे स्टाफ की सुरक्षा को खतरे में डालते हैं, बल्कि कीमती सरकारी संपत्ति को भी नुकसान पहुंचाते हैं। जुलाई से दिसंबर 2025 के बीच, इंडियन रेलवे नेटवर्क पर पत्थर फेंकने के कुल 1698 मामले दर्ज किए गए, जिसके बाद 665 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
नॉर्दर्न रेलवे में सबसे ज्यादा मामले 363 सामने आए। इसके बाद ईस्ट सेंट्रल रेलवे 219, साउथ सेंट्रल रेलवे 140, नॉर्थ सेंट्रल रेलवे 126, वेस्टर्न रेलवे 116 और सदर्न रेलवे 108 का नंबर आता है। दूसरे जोन में भी घटनाएं सामने आईं। ऐसी घटनाओं के आधार पर गिरफ्तारियां की गई, जो लगातार लागू किए जा रहे उपायों और यात्री सुरक्षा से समझौता करने और रेलवे की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों के प्रति जीरो-टॉलरेंस रवैये को दिखाता है। इंडियन रेलवे ने निगरानी के उपायों को तेज कर दिया है और संवेदनशील इलाकों में पेट्रोलिंग बढ़ा दी है।