रिफाइनरी का उद्घाटन करेंगे : पिछली बार उद्घाटन से एक दिन पहले लगी थी भीषण आग, अब सुरक्षा के बीच राष्ट्र को समर्पित होगी पचपदरा रिफाइनरी
RNE Jaipur.
राजस्थान के बहुप्रतीक्षित औद्योगिक सपनों में शामिल पचपदरा रिफाइनरी अब उद्घाटन के लिए पूरी तरह तैयार है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 4 जुलाई को राजस्थान दौरे पर आकर बालोतरा जिले के पचपदरा स्थित रिफाइनरी परिसर में इसका लोकार्पण करेंगे। खास बात यह है कि पिछली बार प्रस्तावित उद्घाटन कार्यक्रम से ठीक एक दिन पहले रिफाइनरी परिसर में भीषण आग लगने से कार्यक्रम टल गया था। ऐसे में इस बार पूरे प्रदेश की नजरें 4 जुलाई पर टिकी हुई हैं।
प्रधानमंत्री इस अवसर पर केवल रिफाइनरी का उद्घाटन ही नहीं करेंगे, बल्कि जयपुर मेट्रो फेज-2 का शिलान्यास, विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास तथा चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरण जैसे कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री ने ली तैयारियों की समीक्षा :
प्रधानमंत्री की प्रस्तावित यात्रा को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मुख्यमंत्री निवास पर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यह आयोजन केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि विकास, रोजगार और जनभागीदारी का उत्सव बने।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी नौकरी प्राप्त करना युवाओं के जीवन का गौरवपूर्ण क्षण होता है। ऐसे में नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम को भी विशेष रूप से आयोजित किया जाए और ग्राम पंचायत से लेकर जिला स्तर तक लोगों को प्रधानमंत्री के मुख्य कार्यक्रम से वर्चुअल माध्यम से जोड़ा जाए।
पूरे प्रदेश में होंगे विशेष कार्यक्रम :
सरकार की योजना है कि 4 जुलाई को प्रदेशभर में ग्राम पंचायत, ब्लॉक और जिला स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। इनमें जनप्रतिनिधियों, युवाओं और आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। मुख्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा ताकि अधिक से अधिक लोग इससे जुड़ सकें।
राजस्थान के औद्योगिक भविष्य की बड़ी परियोजना :
मुख्यमंत्री ने कहा कि पचपदरा रिफाइनरी राजस्थान के औद्योगिक विकास, निवेश आकर्षण और रोजगार सृजन की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। इस परियोजना से पश्चिमी राजस्थान के आर्थिक परिदृश्य में बड़ा बदलाव आने की उम्मीद है। रिफाइनरी के संचालन से हजारों प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे, वहीं पेट्रोकेमिकल उद्योगों को भी नई गति मिलेगी।
सुरक्षा व्यवस्था रहेगी चाक-चौबंद :
पिछली बार रिफाइनरी परिसर में लगी आग की घटना को देखते हुए इस बार सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रिफाइनरी परिसर में सुरक्षा मानकों को और अधिक मजबूत बनाया जाए तथा निगरानी व्यवस्था पूरी तरह प्रभावी रहे। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, पेयजल तथा अन्य व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त रहें।
पौधारोपण और ऊर्जा संरक्षण का संदेश :
मुख्यमंत्री ने रिफाइनरी प्रबंधन को निर्देश दिए कि उद्घाटन कार्यक्रम के साथ सघन पौधारोपण अभियान भी चलाया जाए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण, ईंधन बचत और ऊर्जा संरक्षण का संदेश भी इस आयोजन का महत्वपूर्ण हिस्सा होना चाहिए। प्रदेशभर में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया जाएगा।
श्रमिकों की सहभागिता पर विशेष जोर :
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी हमेशा श्रम और श्रमिकों के सम्मान की बात करते हैं। इसलिए रिफाइनरी निर्माण में योगदान देने वाले श्रमिकों की भी कार्यक्रम में सम्मानजनक और सार्थक सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
बैठक में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा, एचआरआरएल, एचपीसीएल और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं संभागीय आयुक्त, आईजी और जिला कलक्टर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।