{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Special Bus : छठ पर बिहार के लोगों को दी बड़ी राहत, हरियाणा से बिहार तक चलाई 14 एसी बसें 

 

छठ पूजा के अवसर पर बिहार जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए हरियाणा से बिहार तक विशेष एसी बस सेवाएं शुरू की गई हैं। परिवहन मंत्री अनिल विज ने कहा कि हमें बिहार सरकार से एक पत्र प्राप्त हुआ था, जिसमें कहा गया था कि हरियाणा में कामकाजी बिहार के लोग छठ पूजा पर बड़ी संख्या में अपने गृह राज्य जाना चाहते हैं।

इस मांग को ध्यान में रखते हुए बिहार के लिए विशेष बसें चलाने का निर्णय लिया, और यह सेवा अब शुरू की गई है। रूट लंबा होने के कारण एसी बसें चलाई गई हैं, ताकि यात्रियों को यात्रा के दौरान पूरी सुविधा और आराम मिल सके। बेगूसराय, पूर्णिया, मधुबनी, पटना और गया के लिए विशेष बसें चलाईं गई है। 

इस प्रकार रहेगा बसों का शेड्यूल

अम्बाला से पूर्णिया शाम 4 बजे, 4:30 बजे और अम्बाला से मधुबनी शाम 5 बजे रवाना होंगी। पानीपत से मधुबनी के लिए दोपहर 12 बजे, दोपहर 3 बजे और शाम 5 बजे रवाना होंगी। गुरुग्राम के राजीव चौक से बेगूसराय के लिए शाम 5 बजे, गुरुग्राम से पटना के लिए शाम 6 बजे और गुरुग्राम से गया के लिए शाम 7 बजे रवाना होगी। कुल 14 बसें क्रमवार (टर्न-वाइज) चलाई जा रही हैं।