Summer Vacation : ट्रेन-बसों में अभी से लंबी वेटिंग पहाड़ों और चारधाम यात्रा का बना रहे प्लान
summer vacation में मनाली, वैष्णो देवी, चारधाम और लोंखडवाला वॉटरफॉल के लिए दीवानगी देखी जा रही
summer vacation Plan : गर्मी के सीजन में लोग अलग-अलग नजारे देखने के लिए अपनी पसंदीदा जगहों का रूख कर रहे हैं। इस बार पर्यटक लॉखडवाला वॉटरफॉल और कोयंबटूर स्थित नोयाल नदी समेत कई डेस्टिनेशन के लिए टूर प्लान कर रहे हैं।
बढ़ती मांग का असर ट्रेनों में भी साफ दिख रहा है। हिसार से बांद्रा जाने वाली ट्रेन 3 जून तक पूरी तरह फुल हो चुकी है, जबकि कई तारीखों पर सीटें पहले ही रिजर्व हैं। इसी तरह मई माह में हिसार से कोयंबटूर और कटरा जाने वाली ट्रेनों में भी भारी भीड़ देखने को मिल रही है। इस बार भी जम्मू कश्मीर, हरिद्वार, मनाली और वैष्णो देवी मंदिर जैसे स्थान लोगों की पहली पसंद बने हैं।
चारधाम यात्रा : टैक्सियों की डिमांड बढ़ी, प्रतिदिन 200 से 250 लोग यात्रा पर जा रहे
भाईचारा टैक्सी एसोसिएशन के प्रधान महेंद्र सिंह राणा ने बताया कि इन दिनों चारधाम यात्रा के लिए लोगों का रुझान तेजी से बढ़ रहा है। एसोसिएशन के तहत संचालित टैक्सियों से हिसार और दिल्ली से प्रतिदिन करीब 200 से 250 यात्री रवाना हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि मई और जून के लिए भी एडवांस बुकिंग मिल रही है। टैक्सी किराए की बात करें तो 17 सीटर 8 500 रुपए प्रतिदिन, 20 सीटर 10500 रुपए और 26 सीटर 12000 रुपए प्रति दिन के हिसाब से बुक हो रही हैं। यात्रियों की मांग पूरी करने के लिए अतिरिक्त वाहन भी अन्य जिलों से मंगाए जा रहे हैं।
समर ट्रैवल पैकेज: मनाली 6 हजार और वैष्णो देवी 3 हजार में बस का और खाने-पीने का पैकेज
जय बालाजी बस सर्विस के संचालक जयबीर गिल ने बताया कि जून के पहले सप्ताह से अलग-अलग पर्यटन स्थलों के लिए बुकिंग शुरू हो गई है। 4 जून से मनाली के लिए पहला ट्रिप जाएगा, जिसकी कीमत 6 हजार रुपए रखी गई है।
यह 4 दिन का पैकेज है, जिसमें आने-जाने, ठहरने और खाने की व्यवस्था शामिल है। इसके अलावा वैष्णो देवी मंदिर के लिए हर गुरुवार बस रवाना होगी। इस 4 दिन के ट्रिप का किराया 3 हजार रुपए तय किया गया है। वहीं हरिद्वार और ऋषिकेश के लिए 3 दिन का पैकेज 2 हजार रुपए में उपलब्ध है।