Toll increased : नेशनल हाईवे पर सफर होगा महंगा, 5 फीसदी टोल की दरों में होगी वृद्धि
नेशनल हाईवे पर एक अप्रैल से सफर करना महंगा होने वाला है
नेशनल हाईवे पर एक अप्रैल से सफर करना महंगा होने वाला है। जहां पर नेशनल हाईवे पर बने हुए टोल बढ़ने वाला है। ऐसे में वाहन चालकों को इन हाईवे से निकलते हुए ज्यादा टोल देना होगा। इसी कड़ी में नेशनल हाईवे-19 पर अगले महीने से सफर महंगा होगा। गदपुरी व करमन बार्डर टोल प्लाजा पर एक अप्रैल से टोल दरों में करीब पांच फीसदी तक बढ़ोतरी होने की संभावना जताई जा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि यह नार्मल प्रोसेस है। हर साल टोल दरें बढ़ती हैं। टोल प्रबंधन की मानें तो एक अप्रैल से लागू होने वाली नई दरें तय नहीं हो सकी हैं। नई दरों को लेकर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की आधिकारिक सूची जारी होने के बाद ही पूरी स्थित साफ होगी। अभी 31 मार्च तक पुरानी दरें ही लागू रहेंगी। गदपुरी टोल प्लाजा पर मौजूदा दरें कार और जीप जैसी हल्की गाड़ियों के लिए एक तरफ का टोल 125 रुपए और दोनों तरफ का 185 रुपए है।
वहीं, एलसीवी और मिनी बस के लिए 195 से 290 रुपए तक शुल्क लिया जा रहा है। बस और ट्रक चालकों को 400 से 600 रुपए तक भुगतान करना पड़ रहा है। जबकि भारी और ओवरसाइज वाहनों के लिए यह शुल्क 600 रुपए से ज्यादा होकर एक हजार रुपए से भी अधिक हो जाता है। अभी एक अप्रैल से लागू होने वाली नई दरों में और इजाफा होगा।
जिससे दिल्ली-आगरा नेशनल हाईवे पर आने-जाने वालों की जेब पर सीधा असर पड़ेगा। स्थानीय लोगों को फिलहाल राहत देते हुए गैर व्यावसायिक वाहनों के लिए मासिक पास 350 रुपए में उपलब्ध है। लेकिन नई दरें लागू होने के बाद इसमें बदलाव हो सकता है। जिससे मासिक पास वालों की जेब पर भी बोझ बढ़ सकता है।
गदपुरी प्लाजा के प्रबंधक अनिल कुमार के अनुसार एनएचएआई द्वारा प्रति वर्ष टोल दरों में इजाफा किया जाता है। इसलिए यह कोई बड़ी बात नहीं है कि एक अप्रैल से नई टोल दरें लागू होंगी। यह तो एक नार्मल प्रोसेस हैं। जैसे ही नई दरें लागू होंगी लोगों को इसकी जानकारी दे दी जाएगी।