Chandigarh Air Show : चंडीगढ़ में दो दिन तक इन मार्गों पर ट्रैफिक रहेगा बंद, एयर शो के चलते लिया फैसला
चंडीगढ़ की सुखना लेक पर 27 व 28 मार्च को 2 दिन के लिए होने वाले एयर-शो को लेकर यूटी पुलिस भी पूरी तरह से सतर्क हो गई है
चंडीगढ़ की सुखना लेक पर 27 व 28 मार्च को 2 दिन के लिए होने वाले एयर-शो को लेकर यूटी पुलिस भी पूरी तरह से सतर्क हो गई है। क्योंकि इस कार्यक्रम के लिए अभी तक हजारों की संख्या में लोगों ने अपनी टिकटें बुक करवा ली हैं, जिसके चलते शहर में ट्रैफिक को लेकर भी दिक्कतें हो सकती है।
इसलिए पुलिस ने इस कार्यक्रम को लेकर 2 दिन की ट्रैफिक एडवाइजरी जारी कर दी है जिसके अनुसार सुखना झील की ओर जाने वाली कई सड़कों को बंद किया जाएगा। सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक सड़कें ही नहीं बल्कि आम जनता के लिए सुखना पर होने वाली मनोरंजन गतिविधियां भी बंद रहेंगी। पैदल चलने वालों के लिए भी ओल्ड बैरिकेड चौक से उत्तर मार्ग होते हुए हीरा सिंह चौक तक सरोवर पाथ पर सुबह 8 से दोपहर 1 बजे तक रोक रहेगी।
28 मार्च की सीटें फुल
एयर शो के लिए दर्शकों की बुकिंग तेजी से भर रही है। आयोजकों के अनुसार 28 मार्च के लिए सभी सीटें पहले ही भर चुकी हैं। वहीं 27 मार्च के लिए करीब 6500 बुकिंग दर्ज हो गई है। दोनों दिनों के लिए अधिकतम 10-10 हजार दर्शकों की बुकिंग सीमा तय की गई है।
यहां रहेंगी बंदिशें
ओल्ड बैरिकेड चौक (सेक्टर 1/3/4) से उत्तर मार्ग होते हुए हीरा सिंह चौक (सेक्टर 5/6/7/8) तक सरोवर पाथ पर
न्यू बैरिकेड चौक (सेक्टर 3/4/9/10) से विज्ञान पाथ होते हुए हीरा सिंह चौक (सेक्टर 5/6/7/8) की ओर
सेंट कबीर लाइट पॉइंट से चंडीगढ़ गोल्फ क्लब होते हुए हीरा सिंह चौक (सेक्टर 5/6/7/8) तक विज्ञान पाथ पर
मेडिकल इमरजेंसी या जरूरी वाहनों को छूट
बंद की गई सड़कों पर केवल मेडिकल इमरजेंसी या जरूरी वाहनों को आने-जाने की छूट दी जाएगी।
कार्यक्रम में आने वाले दर्शक शटल बस सर्विस का ही इस्तेमाल करें।
निजी गाड़ियों की एंट्री नहीं होगी, केवल पास वालों को ही पैदल एंट्री मिलेगी।
बिना वजह इन इलाकों में आने से बचें, ट्रैफिक जाम के कारण दिक्कतें हो सकती हैं।।