{"vars":{"id": "127470:4976"}}

अंक तालिका वितरण के साथ ही जमा करानी होगी पुरानी पुस्तकें, बुक बैंक में पुरानी पुस्तकें जमा होगी ताकि वितरण हो सके

 

RNE Bikaner.

नया शिक्षा सत्र शुरू होने से पहले विद्यार्थियों को अंक तालिका लेने के साथ ही पिछली कक्षा की पाठ्य पुस्तकें स्कूल के बुक बैंक में जमा करानी होगी। शिक्षा विभाग की तरफ से सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को 50 प्रतिशत ही नई पुस्तकें दी जायेगी। शेष 50 प्रतिशत पुस्तकें स्कूल के बुक बैंक से ही दी जायेगी। 
 

राजकीय विद्यालयों में अध्ययनरत कक्षा 1 से 5 तथा कक्षा 7 के सभी विद्यार्थियों को शत प्रतिशत नई निः शुल्क पाठ्य पुस्तकें वितरित की जायेगी। जबकि कक्षा 6 एवं कक्षा 8 से 12 तक के विद्यार्थियों को गत सत्र की अध्ययन उपरांत लौटाई गयी पुस्तकों में से 50 प्रतिशत का पुनः उपयोग करना होगा।
 

मार्च में पुस्तकें देने की योजना:
 

नोडल केंद्रों पर 5 से 10 मार्च तक पुस्तकें पहुंचनी है। प्रथम चरण में अजमेर, अलवर, बाड़मेर, बांसवाड़ा, भरतपुर, भीलवाड़ा, बीकानेर, चूरू, जयपुर ग्रामीण, जयपुर शहर, जोधपुर, नागौर व उदयपुर में 5 से 25 मार्च तक पुस्तकों का वितरण किया जायेगा। बारां, बूंदी, चितौड़गढ़, दौसा, धौलपुर, डूंगरपुर, हनुमानगढ़, जैसलमेर, जालौर, झालावाड़, झुंझनु, करौली, कोटा, पाली, राजसमंद आदि में 10 से 25 मार्च तक वितरण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए है।