{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Medical Recruitment : 600 डॉक्टर्स की सीधी भर्ती, RUHS ने जारी किया विज्ञापन, 14 सितंबर से आवेदन

 

Rudra News Express Bikaner.

राजस्थान में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे चिकित्सकों के लिए बड़ी खुशखबर है। राज्य सरकार ने प्रदेश के सरकारी चिकित्सा संस्थानों में चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाने के लिए 600 चिकित्सा अधिकारियों की सीधी भर्ती का रास्ता साफ कर दिया है। राजस्थान स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय (RUHS) ने इन पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी कर दी है।

भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन 14 सितंबर से शुरू होंगे और 13 अक्टूबर 2026 तक किए जा सकेंगे। आवेदन करने वाले अभ्यर्थी के पास MBBS डिग्री होना जरूरी है। साथ ही लिखित परीक्षा की तिथि तक राजस्थान मेडिकल काउंसिल में पंजीकरण अनिवार्य रहेगा।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खीवसर ने बताया कि राज्य सरकार ‘निरामय राजस्थान’ के संकल्प के साथ स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और गुणवत्ता सुधार पर लगातार काम कर रही है। 600 चिकित्सा अधिकारियों की भर्ती से सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में मानव संसाधन मजबूत होगा और मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

पहले 1,699 चिकित्सकों की हो चुकी भर्ती : 

प्रमुख शासन सचिव, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य गायत्री राठौड़ ने बताया कि RUHS इससे पहले 1,699 पदों पर चिकित्सकों की सफल भर्ती कर चुका है और चयनित चिकित्सकों को नियुक्तियां भी दी जा चुकी हैं।