{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Rajasthan Government Job : 53,749 चतुर्थ श्रेणी, 24,793 सफाई कर्मचारी, 6,000 कॉन्स्टेबल और 10,000 शिक्षा विभाग के पदों पर भर्ती प्रक्रिया तेज

 
01 लाख 948 पदों पर हो रही भर्ती, जानें, आप किस सरकारी जॉब के लिये पात्र
RNE Jaipur.
राजस्थान में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। राज्य सरकार ने विभिन्न विभागों में लंबित और प्रक्रियाधीन भर्तियों की समीक्षा करते हुए भर्ती प्रक्रिया को तेज करने के निर्देश दिए हैं। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने कहा कि भर्ती कैलेंडर-2026 के तहत निर्धारित लक्ष्य के अनुसार कार्य आगे बढ़ रहा है और युवाओं को अधिकाधिक रोजगार उपलब्ध कराने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
53 हजार से ज्यादा चतुर्थश्रेणी कर्मचारी बनेंगे :
समीक्षा बैठक में सामने आया कि प्रदेश में एक लाख से अधिक पदों पर भर्ती की प्रक्रिया विभिन्न चरणों में चल रही है। सबसे बड़ी भर्ती 53,749 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी पदों पर हो रही है, जिसमें दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल जांच की प्रक्रिया जारी है। वहीं 24,793 सफाई कर्मचारी पदों पर भर्ती के लिए प्रक्रिया निर्धारण अंतिम अनुमोदन स्तर पर पहुंच चुकी है।
1076 एसआई, 06 हजार कांस्टेबल
गृह विभाग में भी भर्ती का दायरा बढ़ाया गया है। पहले 1,015 पदों के लिए प्रस्तावित उप निरीक्षक (SI) भर्ती अब 1,076 पदों पर होगी। इसके अलावा भर्ती कैलेंडर में दर्शाए गए 4,000 पदों के मुकाबले अब 6,000 कॉन्स्टेबल पदों पर भर्ती की जाएगी।
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) में 3,000 सपोर्ट इंजीनियर और अन्य पदों के लिए वित्तीय स्वीकृति मिल चुकी है और जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में 600 चिकित्सा अधिकारी, जबकि 2,000 नर्सिंग एवं पैरामेडिकल पदों पर भर्ती की तैयारी चल रही है।
10 हजार शिक्षक व अन्य पद : 
शिक्षा विभाग में भी युवाओं के लिए बड़े अवसर खुलने जा रहे हैं। विभाग में 10,000 पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। अध्यापक ग्रेड-III भर्ती में पहले घोषित 5,000 पदों के साथ 2,000 अतिरिक्त रिक्त पद जोड़ दिए गए हैं।
CS बोले-जल्द पूरी हो प्रक्रिया
मुख्य सचिव ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि भर्ती प्रक्रियाओं से जुड़े प्रशासनिक और वित्तीय कार्य जल्द पूरे किए जाएं तथा पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि युवाओं को जल्द रोजगार मिल सके और विभागों में रिक्त पद भरने से सेवा व्यवस्था मजबूत हो।