{"vars":{"id": "127470:4976"}}

RPSC : एक साल में प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए आए 29.86 लाख आवेदन, आयोग के इतिहास में पहली बार इतनी बड़ी संख्या

 

 

RNE Ajmer.

 

राजस्थान में सरकारी नौकरी पाने की युवाओं की बढ़ती चाहत ने नया रिकॉर्ड बना दिया है। राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) को वर्ष 2024-25 के दौरान प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए 29,86,755 आवेदन प्राप्त हुए हैं। यह आयोग के इतिहास में किसी एक वित्तीय वर्ष में प्राप्त आवेदनों की सबसे बड़ी संख्या है।

 

आरपीएससी की वार्षिक कार्य रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2024-25 में आयोग ने विभिन्न विभागों की भर्ती के लिए 72 प्रतियोगी परीक्षाओं का आयोजन किया। इसके अलावा 316 साक्षात्कार आयोजित कर विभिन्न सेवाओं एवं पदों पर 2,538 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन किया गया।

 

रिकॉर्ड संख्या में मिले आवेदन यह संकेत देते हैं कि प्रदेश के युवाओं में सरकारी नौकरी के प्रति आकर्षण लगातार बढ़ रहा है। सीमित पदों के मुकाबले लाखों अभ्यर्थियों के आवेदन प्रतियोगी परीक्षाओं में बढ़ती प्रतिस्पर्धा को भी दर्शाते हैं।

आयोग का कहना है कि भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। आने वाले समय में भी विभिन्न विभागों में भर्तियों की प्रक्रिया जारी रहेगी।

सरकारी नौकरी के प्रति युवाओं का यह बढ़ता रुझान न केवल रोजगार की सुरक्षा और स्थायित्व की चाह को दर्शाता है, बल्कि यह भी बताता है कि राजस्थान में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का दायरा लगातार व्यापक होता जा रहा है।