{"vars":{"id": "127470:4976"}}

आरपीएससी ने एसआई भर्ती परीक्षा 2021 की निरस्त, सितंबर 2026 में होगी दोबारा परीक्षा

 

RNE Network.

राजस्थान लोक सेवा आयोग, अजमेर द्वारा राज्य सरकार की अनुशसा के बाद साल 2021 में आयोजित उप निरीक्षक /  प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा - 2021 को निरस्त कर दिया गया है। अब यह परीक्षा नये सिरे से आयोजित की जाएगी।
 

इस विषय मे विस्तृत जानकारी आयोग की वेबसाइट पर जारी की जा रही है। आयोग अध्यक्ष उत्कल रंजन साहू ने बताया कि दोबारा परीक्षा में केवल वही 3 लाख 83 हजार 097 अभ्यर्थी बैठ सकेंगे, जो  पूर्व में आयोजित लिखित परीक्षा के दोनों प्रश्न पत्रों में शामिल हुए थे। नये आवेदकों को इसमें अवसर नहीं दिया जायेगा। परीक्षा का आयोजन सितम्बर 2026 में प्रस्तावित है।
 

संशोधन प्रक्रिया 16 से शुरू होगी:
 

अभ्यर्थियों को उनके पूर्व में भरे गये आवेदन पत्रों में आवश्यक सुधार और अपडेट करने का अवसर दिया जा रहा है। संशोधन की प्रक्रिया 16 मई से 30 मई 2026 तक चलेगी। इस दौरान अभ्यर्थी मोबाइल नम्बर, ईमेल एड्रेस और पत्राचार के पते में संशोधन कर सकेंगे। यदि कोई संशोधन नहीं भी करना है तब भी अभ्यर्थी को आवेदन एडिट मोड में खोलना होगा।