शिक्षा विभाग का बड़ा फैसला: कक्षा 9 से 12 में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ी, अब 25 जुलाई तक होगा नामांकन
RNE Bikaner.
देश के राजकीय और गैर राजकीय विद्यालयों में कक्षा 9 से 12 तक प्रवेश की अंतिम तिथि बढा दी गयी है। अब विद्यार्थी 25 जुलाई तक स्कूलों में नामांकन करवा सकते हैं।
इससे पहले प्रवेश की अंतिम तिथि 11 जुलाई निर्धारित थी। शिक्षा विभाग ने नामांकन बढ़ाने और स्कूल से दूर हो चुके बच्चों को फिर से शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्धेध्य से यह निर्णय लिया है।
शिक्षा निदेशक सीताराम जाट की ओर से जारी आदेश में प्रदेश के सभी संभागीय संयुक्त निदेशकों , मुख्य जिला शिक्षा अधिकारियों, जिला शिक्षा अधिकारियों, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों, ब्लॉक संदर्भ केंद्र प्रभारियों तथा पीईईओ - यूसीईईओ संशोधित प्रवेश तिथि के अनुसार प्रक्रिया पूरी करवाने के निर्देश दिए गए हैं।
ड्राप आउट बच्चों की होगी पहचान:
शिक्षा निदेशक ने विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने अपने क्षेत्रों में ऐसे बच्चों को चिन्हित करें, जो अभी तक विद्यालयों में नामांकित नहीं हुए हैं। या किसी कारण से पढ़ाई बीच में छोड़ चुके हैं। इन बच्चों को दुबारा स्कूल से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाकर अधिक से अधिक नामांकन सुनिश्चित करने को कहा गया है। विभाग के अनुसार, कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों के प्रवेश पूरे शैक्षणिक सत्र 2026 - 27 के दौरान जारी रहेंगे। वहीं कक्षा 9 से 12 तक प्रवेश के लिए 25 जुलाई अंतिम अवसर रहेगा।