{"vars":{"id": "127470:4976"}}

भोजपुरी गायक खेसारीलाल को बेटी की शादी में बुलाया अनंतसिंह ने, वीडियो कॉल वायरल!

क्या आप जानते हैं वायरल हो रहे इस वीडियो की क्या है कहानी! .. चलिए बताते हैं!!
 
 

 

 

Rudra News Express NewDelhi-Patna. 

बिहार में इन दिनों एक शादी की बहुत चर्चा है। यह शादी है बाहुबली विधायक अनंतसिंह की बेटी शिवांगीसिंह की। दावा है कि देशभर से हर पार्टी के नेता, अभिनेताओं को इस शादी में खुद अनंतसिंह आमंत्रित कर रहे हैं। यह एक शाही और भव्य शादी होने जा रही है। चर्चा थी कि भोजपुरी गायक खेसारीलाल यादव को नहीं बुलाया जा रहा है। इस पर खुद विधायक ने वीडियो कॉल पर इनवाईट किया और यह वीडियो अब वायरल भी हो रहा है।

क्या शादी के बाद जेल जाएंगे अनंत सिंह?

बेटी की शादी की तैयारियों के बीच अनंत सिंह के सामने कानूनी चुनौती भी है। दुलारचंद यादव हत्याकांड में सुप्रीम कोर्ट द्वारा उनकी जमानत रद्द किए जाने के बाद उन्हें निर्धारित समयसीमा में आत्मसमर्पण करना है।

दरअसल  यह हत्याकांड 30 अक्टूबर 2025 को बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान मोकामा क्षेत्र में हुई हिंसक घटना से जुड़ा है। जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार के समर्थन में प्रचार कर रहे दुलारचंद यादव की गोली लगने से मौत हो गई थी। इस मामले में अनंत सिंह आरोपी है।  जमानत पर जेल से बाहर आए हैं और फिलहाल फोकस शादी पर है।

कैसी शादी, कब आयोजन : 

अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को निर्धारित है, जबकि इससे पहले 20 नवंबर को तिलक समारोह आयोजित होगा। अनंत सिंह ने खेसारी लाल यादव को 25 नवंबर को शादी में शामिल होने का निमंत्रण दिया। इस पर खेसारी ने बताया कि उसी दिन उनके घर के सामने एक शादी का कार्यक्रम है और वे दिन में आकर मुलाकात कर सकते हैं। इसके बाद अनंत सिंह ने उन्हें 20 नवंबर को पटना आकर तिलक समारोह में शामिल होने का आग्रह किया।

PM मोदी, नीतीश, लालू, तेजस्वी को भी न्योता : 

अनंत सिंह की बेटी की शादी में फिल्मी जगत की बड़ी हस्तियों को आमंत्रित किया जा रहा है। इनके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को भी निमंत्रण देने की बात सामने आई है। इससे पहले अनंत सिंह ने राजनीतिक मतभेदों के बावजूद लालू और तेजस्वी को शादी में बुलाने की बात कहकर चर्चा बटोरी थी। उनका कहना था कि राजनीति अपनी जगह है और पारिवारिक रिश्ते अपनी जगह। भोजपुरी और बॉलीवुड जगत की करीब तीन दर्जन हस्तियों को भी निमंत्रण भेजे जाने की जानकारी सामने आई है। इनमें सोनू सूद, पवन सिंह, अक्षरा सिंह, रवि किशन, मनोज तिवारी और उदित नारायण सहित कई चर्चित नाम शामिल हैं।