T-20 में आयरलैंड ने पहली बार भारत को हराया, हराने वाली टीम के हीरो राजस्थान के जय मूंदड़ा, पहली इंटरनेशनल बॉल पर संजू सैमसन बोल्ड
RNE Tonk-Jaipur.
राजस्थान के टोंक जिले के युवा तेज गेंदबाज जय मूंदड़ा ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ऐसा आगाज किया, जिसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा। आयरलैंड की ओर से टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करते हुए जय ने अपने इंटरनेशनल करियर की पहली ही गेंद पर भारतीय बल्लेबाज संजू सैमसन को क्लीन बोल्ड कर इतिहास रच दिया।
भारतीय मूल के जय मूंदड़ा का यह सपना साकार होने के साथ ही टोंक और राजस्थान के लिए भी गर्व का क्षण बन गया। उनकी शानदार गेंदबाजी की बदौलत आयरलैंड ने भारत को 34 रन से हराकर पहली बार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के किसी भी प्रारूप में भारतीय टीम पर जीत दर्ज की।
पहली गेंद... और इतिहास :
183 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। पारी की पहली ही गेंद पर जय मूंदड़ा ने संजू सैमसन की गिल्लियां बिखेर दीं। इसके साथ ही वह टी-20 अंतरराष्ट्रीय डेब्यू की पहली गेंद पर विकेट लेने वाले आयरलैंड के चुनिंदा गेंदबाजों में शामिल हो गए।
जय ने यहीं नहीं रुके। उन्होंने बाद में खतरनाक बल्लेबाजी कर रहे शिवम दुबे को भी आउट कर भारत की वापसी की उम्मीदों पर लगभग विराम लगा दिया। अपने पहले अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में जय ने 4 ओवर में 26 रन देकर 2 महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए।
पढ़ाई के लिए गए, क्रिकेट में बन गए सितारा :
जय मूंदड़ा मूल रूप से राजस्थान के टोंक जिले के रहने वाले हैं। वर्ष 2021 में एमटेक की पढ़ाई के लिए आयरलैंड गए थे। पढ़ाई के साथ उन्होंने वहां क्लब क्रिकेट खेलना जारी रखा। लगातार शानदार प्रदर्शन के दम पर पहले घरेलू क्रिकेट और फिर आयरलैंड की राष्ट्रीय टीम तक का सफर तय किया।अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनकी पहली ही गेंद ने उन्हें सुर्खियों में ला दिया है।
आयरलैंड ने रचा नया इतिहास :
बेलफास्ट के स्टॉर्मोंट मैदान पर खेले गए मुकाबले में आयरलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट पर 182 रन बनाए। कप्तान लॉरकन टकर ने 50 रन की शानदार पारी खेली। जवाब में भारतीय टीम 148 रन पर सिमट गई और आयरलैंड ने 34 रन से ऐतिहासिक जीत दर्ज की। यह पहली बार है जब आयरलैंड ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के किसी भी फॉर्मेट में भारत को हराया।
राजस्थान में खुशी की लहर :
हालांकि भारतीय टीम की हार से प्रशंसक काफी निराश है लेकिन जय मूंदड़ा की इस उपलब्धि के बाद टोंक में खुशी का माहौल है। परिवार, मित्रों और क्रिकेट प्रेमियों ने इसे राजस्थान के लिए गौरव का क्षण बताया है। सोशल मीडिया पर भी जय की पहली गेंद पर विकेट लेने वाला वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।