सांवलिया सेठ के चरणों में 137 ग्राम सोने की बांसुरी समर्पित, एक श्रद्धालु ने करीब 20 लाख की बांसुरी भेंट की
RNE Network.
चितौड़गढ़ के सांवलिया सेठ के दरबार में हर दिन देश भर से बड़ी संख्या में भक्त दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ये भक्त सांवलिया सेठ में इतनी आस्था रखते हैं कि जी भरकर अपने आराध्य को भेंट भी चढ़ाते हैं। हर महीने मंदिर के दान पात्र में अनगिनत चढ़ावा आता है। कीमती वस्तुएं भी भक्त आराध्य को अर्पित करते हैं।
अनेक लोग तो अपने व्यापार में भी सांवलिया सेठ को पार्टनर बनाते हैं और हर महीनें होने वाले मुनाफे में से सेठ का हिस्सा लेकर सांवलियाजी आते हैं और वह हिस्सा चढ़ा देते हैं। अनेक कीमती वस्तुएं जब भंडार की गिनती होती है तब दान पात्रों में से निकलती है।
कृष्णधाम सांवलिया जी में भगवान श्री सांवलिया सेठ को एक श्रद्धालु परिवार ने करीब 20 लाख रुपये मूल्य की सोने की बांसुरी भेंट की। मंदिर के भेंट कक्ष प्रभारी के अनुसार जयपुर से आये परिवार ने 137 ग्राम सोने से निर्मित बांसुरी भगवान को अर्पित की। इस अवसर पर मंदिर मण्डल की ओर से श्रद्धालु परिवार का स्वागत किया गया।