राष्ट्रीय खेल दिवस पर सिमडेगा में हॉकी का नया रिकॉर्ड, 58 टीमों के बीच होंगे 128 मैच
RNE Network
राष्ट्रीय खेल दिवस पर सिमडेगा में हॉकी का नया रिकॉर्ड, 58 टीमों के बीच होंगे 128 मैच Synopsis: सिमडेगा में राष्ट्रीय खेल दिवस पर 21वीं मेजर ध्यानचंद हॉकी चैंपियनशिप का आयोजन होगा। 58 टीमों के बीच 128 मैच खेले जाएंगे, जिसमें 1044 खिलाड़ी शामिल होंगे। सिमडेगा: राष्ट्रीय खेल दिवस और हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर सिमडेगा में हॉकी का भव्य आयोजन होने जा रहा है। हॉकी सिमडेगा की ओर से खेल विभाग के सहयोग से 21वीं मेजर ध्यानचंद सीनियर सिमडेगा जिला महिला एवं पुरुष हॉकी चैंपियनशिप 2026 का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता का शुभारंभ 29 अगस्त को अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, सिमडेगा में होगा। इस वर्ष प्रतियोगिता में कुल 58 टीमें हिस्सा लेंगी, जो सिमडेगा जिला हॉकी के इतिहास में नया रिकॉर्ड है। पुरुष वर्ग में 40 और महिला वर्ग में 18 टीमें मैदान में उतरेंगी। प्रतियोगिता में करीब 1044 खिलाड़ियों के शामिल होने की संभावना है। चैंपियनशिप के दौरान महिला और पुरुष वर्ग को मिलाकर कुल 128 मैच खेले जाएंगे। इनमें पुरुष वर्ग के 88 और महिला वर्ग के 40 मैच शामिल हैं। मुकाबले दोनों हॉकी मैदानों पर आयोजित किए जाएंगे, ताकि प्रतियोगिता को निर्धारित समय में पूरा किया जा सके। आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता के जरिए ग्रामीण और सुदूरवर्ती क्षेत्रों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। इससे सिमडेगा की हॉकी की पहचान को और मजबूती मिलने की उम्मीद है। “खेलेगा भारत, जीतेगा भारत” के संदेश के साथ आयोजित यह चैंपियनशिप राष्ट्रीय खेल दिवस पर खेल, अनुशासन, टीम भावना और एकता का संदेश देगी