अग्रसेन जयंती इस बार बनेगी ‘प्रकाशोत्सव’, बीकानेर से बड़ी संख्या में अग्रबंधु दिल्ली पहुंचेंगे
Rudra News Express New Delhi-Bikaner.
भगवान श्री अग्रसेन जी की जयंती इस वर्ष अग्रवाल समाज द्वारा विशेष रूप से ‘प्रकाशोत्सव’ के रूप में मनाई जाएगी। अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन, दिल्ली के तत्वावधान में 10 अक्टूबर को प्रातः 9 बजे दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किला मैदान में अग्रसेन जयंती महोत्सव का भव्य आयोजन होगा।
ये होंगे खास मेहमान:
समारोह में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला मुख्य अतिथि होंगे। कार्यक्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत संचालक पवन जिंदल, हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल सहित विभिन्न राज्यों के मंत्री, सांसद और विधायक शामिल होंगे। सम्मेलन के राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ देशभर से प्रदेश अध्यक्ष, महामंत्री, युवा शक्ति, मातृ शक्ति, भामाशाह और बड़ी संख्या में अग्रबंधुओं के पहुंचने की संभावना है।
लाल किला मैदान में दिखेगा अग्रवाल समाज का शक्ति-संगम :
दिल्ली के लाल किला मैदान में होने वाला यह आयोजन अग्रवाल समाज की एकता, सामाजिक समरसता और संगठनात्मक शक्ति का बड़ा प्रदर्शन होगा। देश के विभिन्न हिस्सों से अग्रबंधुओं के दिल्ली पहुंचने से समारोह को ऐतिहासिक स्वरूप मिलने की उम्मीद है।
इसके अगले दिन 11 अक्टूबर को भगवान श्री अग्रसेन जी की पावन जन्मस्थली अग्रोहा शक्ति पीठ में ध्वजारोहण के साथ अग्रसेन जयंती समारोह आयोजित किया जाएगा। यहां राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ हरियाणा प्रदेश के पदाधिकारी और हजारों अग्रबंधु शामिल होंगे।
महालक्ष्मी की कृपा से अमावस्या की रात हुई थी प्रकाशमय :
अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के राष्ट्रीय महामंत्री गोपाल गोयल ने अग्रबंधुओं से इस वर्ष अग्रसेन जयंती को प्रकाशोत्सव के रूप में मनाने का आह्वान किया है।
उन्होंने धार्मिक मान्यता का उल्लेख करते हुए बताया कि भगवान श्री अग्रसेन जी ने माता महालक्ष्मी को प्रसन्न करने के लिए अहंकार रहित होकर मौन व्रत धारण किया और एक पैर पर खड़े होकर 1100 दिन तक कठोर तपस्या की। उनकी तपस्या से प्रसन्न होकर माता महालक्ष्मी प्रकट हुईं। मान्यता है कि माता महालक्ष्मी का प्राकट्य कार्तिक अमावस्या यानी दीपावली के दिन हुआ और उनके आगमन से अमावस्या की अंधेरी रात प्रकाशमय हो गई।
मान्यता के अनुसार माता महालक्ष्मी ने भगवान श्री अग्रसेन जी को दो वरदान दिए। पहला, उनकी भक्ति सदैव अविचल और अटल रहे तथा दूसरा, वे अग्रवंश में स्थायी रूप से विराजमान रहें और अग्रवाल समाज धन-संपदा, यश एवं वैभव से परिपूर्ण रहे।
घर-घर दीप जलाने का आह्वान :
राष्ट्रीय महामंत्री गोपाल गोयल ने समाजबंधुओं से आह्वान किया कि इस बार भगवान श्री अग्रसेन जी की जयंती को केवल जन्मोत्सव के रूप में नहीं, बल्कि प्रकाशोत्सव के रूप में मनाया जाए।
उन्होंने घरों, दुकानों, फैक्ट्रियों, कार्यालयों, प्रतिष्ठानों, अग्रसेन भवनों, अग्रसेन मंदिरों और अग्रसेन चौराहों पर भगवान श्री अग्रसेन जी की प्रतिमा के समक्ष विद्युत सजावट एवं दीप प्रज्वलित करने तथा महाआरती आयोजित करने की अपील की।
बीकानेर से भी बड़ी भागीदारी :
अग्रसेन जयंती को लेकर बीकानेर में भी अग्रवाल समाज में उत्साह है। बीकानेर से समाज के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, युवा शक्ति, मातृ शक्ति सहित बड़ी संख्या में अग्रबंधुओं के दिल्ली पहुंचने की संभावना है।
बीकानेर जिला अध्यक्ष सुशील बंसल, राष्ट्रीय कार्यकारी सदस्य नरेश मित्तल, जिला महामंत्री गोपाल अग्रवाल, महिला अध्यक्ष सुमन जैन, महिला महामंत्री रेखा अग्रवाल और युवा अध्यक्ष पंकज अग्रवाल ने समाजबंधुओं से अधिकाधिक संख्या में दिल्ली पहुंचने का आह्वान किया है।
समारोह में परम पूज्य आनंदपीठाधीश्वर, अग्रपीठाधीश्वर श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर स्वामी बालकानंद गिरी जी महाराज के संत प्रवचन एवं आशीर्वाद का अवसर भी समाजबंधुओं को मिलेगा।
राष्ट्रीय पदाधिकारियों की अपील :
अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बसंत कुमार मित्तल, राष्ट्रीय महामंत्री गोपाल गोयल, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष नत्थू राम जैन और राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष सत्यभूषण जैन ने देशभर के अग्रबंधुओं से दिल्ली पहुंचने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि भगवान श्री अग्रसेन जी के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने और समाज में एकता, सेवा, सहयोग एवं समरसता की भावना को मजबूत करने के लिहाज से इस वर्ष का अग्रसेन जयंती महोत्सव विशेष महत्व रखता है।