{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Amarnath Yatra  : 'बम-बम भोले' के जयघोष से गूंजा जम्मू, अमरनाथ यात्रा से पहले उमड़ी आस्था, 3 जुलाई से यात्रा शुरू 

उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, हरियाणा से पहुंचे साधु-संत

राम मंदिर में ठहरकर बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए रवाना होने की तैयारियों में जुटे हैं साधु-संत

सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के व्यापक इंतजाम

 

RNE Jammu. 

3 जुलाई से शुरू होने वाली श्री अमरनाथ जी यात्रा से पहले जम्मू में आस्था का रंग गहराने लगा है। देश के विभिन्न राज्यों से साधु-संतों और श्रद्धालुओं का जम्मू पहुंचना लगातार जारी है। शहर के मंदिरों, विशेषकर ऐतिहासिक पुरानी मंडी स्थित राम मंदिर, में "हर-हर महादेव" और "बम-बम भोले" के जयघोष से पूरा वातावरण शिवमय हो गया है।

उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, हरियाणा सहित कई राज्यों से पहुंचे साधु-संत राम मंदिर में ठहरकर बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए रवाना होने की तैयारियों में जुटे हैं।

बाबा बर्फानी के दर्शन का उत्साह : 

साधु-संतों ने कहा कि श्री अमरनाथ यात्रा केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि भगवान शिव के प्रति अटूट आस्था, भक्ति और समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने यात्रा के सफल, सुरक्षित और शांतिपूर्ण आयोजन की कामना करते हुए देशभर के श्रद्धालुओं से इस पवित्र यात्रा में शामिल होने की अपील की।

कई संत ऐसे भी हैं जो वर्षों से लगातार अमरनाथ यात्रा कर रहे हैं। इस बार दिव्यांग साधु-संत भी अटूट श्रद्धा के साथ यात्रा में शामिल होने के लिए जम्मू पहुंचे हैं।

राम मंदिर बना प्रमुख पड़ाव : 

पुरानी मंडी का ऐतिहासिक राम मंदिर इस समय साधु-संतों का प्रमुख पड़ाव बना हुआ है। मंदिर प्रबंधन ने उनके ठहरने, भोजन, चिकित्सा और अन्य आवश्यक सुविधाओं की विशेष व्यवस्था की है। विभिन्न सामाजिक और स्वयंसेवी संस्थाएं भी श्रद्धालुओं की सेवा में जुटी हुई हैं।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम : 

यात्रा को सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने व्यापक इंतजाम किए हैं। जम्मू-कश्मीर मार्ग पर बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है।

भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस, सीआरपीएफ और अन्य सुरक्षा बल लगातार मॉक ड्रिल और सुरक्षा अभ्यास कर रहे हैं। यात्रा मार्ग और बेस कैंपों की 24 घंटे निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन और आधुनिक तकनीक का उपयोग किया जा रहा है।

बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या : 

यात्रा शुरू होने में अब कुछ ही दिन शेष हैं। ऐसे में जम्मू पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और साधु-संतों की संख्या लगातार बढ़ रही है। पूरा शहर शिवभक्ति के रंग में रंगा नजर आ रहा है और श्रद्धालु बाबा बर्फानी के प्राकृतिक हिम शिवलिंग के दर्शन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।