{"vars":{"id": "127470:4976"}}

ShriGanganagar में AQI 365 तक पहुंचा; सांस लेने में परेशानी, पटाखे-पराली जलाने का असर

बीकानेर संभाग के इस शहर में इतना बढ़ा प्रदूषण, सांस लेना मुश्किल!

 

Punjab में पराली जलाने की 4,459 घटनाएं, 884 FIR

Rudra News Express ShriGanganagar-Chandigarh. 

दीपावली के बाद बीकानेर संभाग के श्रीगंगानगर में वायु प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ा है। AQI 365 के स्तर तक पहुंच चुका है। उन लोगों को सांस लेने में परेशानी हो रही है जिन्हें एलर्जी-अस्थमा की दिक्कत है। पटाखों के धुएं के साथ पंजाब में किसानों की ओर से पराली जलाना भी इसके लिए जिम्मेदार है।


बीकानेर संभाग के श्रीगंगानागर में सोमवार सुबह 6 बजे AQI 322, सुबह 7 बजे 335 और दोपहर 12 बजे बढ़कर 365 तक पहुंच गया। आतिशबाजी के धुएं के साथ पंजाब में जलाई जा रही पराली को भी प्रदूषण की प्रमुख वजह माना जा रहा है। बढ़ते प्रदूषण का असर लोगों की सेहत पर दिखाई देने लगा है। सांस लेने में परेशानी, गले में खराश और आंखों में जलन की शिकायतें सामने आ रही हैं। डॉक्टरों ने बच्चों, बुजुर्गों और सांस के मरीजों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।

पंजाब में पराली जलाने की 4,459 घटनाएं, 884 FIR दर्ज : 


पंजाब में 8 नवंबर तक पराली जलाने की 4,459 घटनाएं दर्ज हुईं। 1,310 स्थानों पर पराली जलाने की पुष्टि हुई और 1,228 मामलों में पर्यावरणीय मुआवजा लगाया गया है। CAQM की रिपोर्ट के मुताबिक, करीब 3 हजार स्थानों का भौतिक निरीक्षण किया गया, जिनमें से 1,310 स्थानों पर पराली जलाने की पुष्टि हुई। 

पराली जलाने के मामलों में 1,228 मामलों में पर्यावरणीय मुआवजा लगाया गया और 62.55 लाख रुपये का जुर्माना निर्धारित किया गया, जिसमें से 32.60 लाख रुपये की वसूली हो चुकी है। इसके अलावा, 884 FIR दर्ज की गईं और 1,017 खेतों के भूमि रिकॉर्ड में रेड एंट्री की गई। वहीं, 18 नोडल अधिकारियों के खिलाफ CAQM अधिनियम की धारा 14 के तहत अभियोजन की कार्यवाही शुरू की गई है। 

जिलावार आंकड़ों में तरनतारन में सबसे अधिक 654 घटनाएं दर्ज हुईं, जबकि फिरोजपुर में 592, संगरूर में 488, बठिंडा में 406 और पटियाला में 288 घटनाएं सामने आईं। निरीक्षण के दौरान तरनतारन में 306 और फिरोजपुर में 247 स्थानों पर पराली जलाए जाने की पुष्टि हुई।