ASIRAJ-2026 : बीकानेर में देशभर से जुटेंगे सर्जन, लेजर सर्जरी के लाइव डेमो, "AI in Surgery" पर विशेष सत्र
Rudra News Express Bikaner.
सर्जरी के क्षेत्र में तेजी से विकसित हो रही आधुनिक तकनीकों, लेजर उपचार और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की संभावनाओं पर बीकानेर में देशभर के विशेषज्ञ मंथन करेंगे। एसोसिएशन ऑफ सर्जन्स ऑफ इंडिया, राजस्थान चैप्टर का तीन दिवसीय वार्षिक सम्मेलन ASIRAJ-2026, 2 से 4 अक्टूबर तक बीकानेर में आयोजित होगा।
03 दिन महामंथन:
सम्मेलन का आयोजन एसपी मेडिकल कॉलेज एवं पीबीएम अस्पताल के सर्जरी विभाग की ओर से बीकानेर सर्जन्स सोसायटी के सहयोग से किया जा रहा है। सम्मेलन के पहले दिन 2 अक्टूबर को आधुनिक सर्जिकल तकनीकों पर विशेष प्री-कॉन्फ्रेंस वर्कशॉप होगी।
लाइव सर्जरी:
इस कॉन्फ्रेंस में पाइल्स, फिस्टुला, पायलोनाइडल साइनस और वैरिकोज वेन्स की लेजर सर्जरी का लाइव डेमोंस्ट्रेशन किया जाएगा। इसके साथ ही अपर जीआई एंडोस्कोपी की कार्यप्रणाली भी विशेषज्ञों द्वारा प्रदर्शित की जाएगी।
AI पर खास सत्र:
सम्मेलन का प्रमुख आकर्षण AI इन हेल्थकेयर पर विशेष सत्र रहेगा। इसमें विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं और सर्जरी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग, उसकी संभावनाओं और भविष्य की भूमिका पर चर्चा करेंगे। सर्जिकल प्रक्रियाओं में तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल और उसके संभावित योगदान पर भी विचार-विमर्श होगा।
एसपी मेडिकल कॉलेज के सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. मनोहर लाल दावां के अनुसार, सम्मेलन का उद्देश्य चिकित्सकों को आधुनिक और भविष्य की सर्जिकल तकनीकों से परिचित कराना तथा विशेषज्ञों के ज्ञान और अनुभव को साझा करने का मंच उपलब्ध कराना है। आयोजन के माध्यम से मरीजों को बेहतर और सुरक्षित उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में नवीनतम चिकित्सा पद्धतियों और तकनीकी विकास पर चर्चा होगी।