Bharat Biotech : मलेरिया वैक्सीन की कीमत 40% तक घटाएगी। 10 लाख अतिरिक्त बच्चों को फायदा
Rudra News Express New Delhi.
भारत बायोटेक ने मलेरिया के खिलाफ लड़ाई में बड़ा कदम उठाया है।गावी और यूनिसेफ के साथ समझौते के तहत अपनी मलेरिया वैक्सीन की कीमत करीब 40 फीसदी तक घटाने का फैसला किया है। इससे वैक्सीन की पहुंच बढ़ने और लाखों बच्चों को मलेरिया से बचाव का लाभ मिलने की उम्मीद है। इस समझौते के मुताबिक वैक्सीन की कीमत घटाकर 5.50 यूरो प्रति खुराक करने की योजना है। नई कीमत 2027 की शुरुआत तक लागू होने की उम्मीद है।
10 लाख अतिरिक्त बच्चों को टीका :
इस फैसले का सीधा फायदा मलेरिया प्रभावित इलाकों के टीकाकरण कार्यक्रमों को मिलेगा। माना जाता है कि वर्ष 2027 से 2029 के बीच करीब 5 करोड़ डॉलर की बचत होगी। इस बचत से लगभग 10 लाख अतिरिक्त बच्चों को वैक्सीन की पूरी खुराक उपलब्ध कराने में मदद मिल सकती है। ऐसे में सीमित संसाधनों वाले देशों में अधिक बच्चों तक पहुंच बनाना आसान होगा।
मॉस्किवैक ब्रांड नाम से बनाती है वैक्सीन :
भारत बायोटेक मलेरिया वैक्सीन का निर्माण मॉस्किवैक ब्रांड नाम से कर रही है। कंपनी की कीमत घटाने की पहल ऐसे समय में आई है, जब मलेरिया के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभाव को कम करना वैश्विक स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्राथमिकता बना हुआ है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने 2021 में मलेरिया वैक्सीन के इस्तेमाल की सिफारिश की थी। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, वैक्सीन की चार खुराक का पूरा कोर्स मौसमी मलेरिया के अधिक प्रसार वाले क्षेत्रों में मलेरिया के मामलों को करीब 75 फीसदी तक कम करने में मदद कर सकता है।
2030 तक 5 करोड़ अतिरिक्त बच्चों तक पहुंच :
वैक्सीन की कीमत घटाने का उद्देश्य सिर्फ मौजूदा टीकाकरण कार्यक्रमों का खर्च कम करना नहीं, बल्कि अधिक बच्चों तक सुरक्षा पहुंचाना भी है। इससे वर्ष 2030 तक वैश्विक स्तर पर 5 करोड़ अतिरिक्त बच्चों के टीकाकरण के लक्ष्य को हासिल किया जा सकेगा। ऐसे में भारत बायोटेक, गावी और यूनिसेफ के बीच यह समझौता वैक्सीन की किफायती उपलब्धता बढ़ाने की दिशा में अहम पहल है।