Bhavna Meghwal Memorial ट्रस्ट का मिशन "सुपर-50", हर विद्यार्थी पर होंगे 3 लाख रुपये खर्च, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का मिलेगा सहयोग
RNE Bikaner.
बीकानेर के प्रतिभाशाली लेकिन आर्थिक रूप से जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए बड़ी पहल करते हुए भावना मेघवाल मेमोरियल ट्रस्ट ने 'सुपर-50' कार्यक्रम शुरू करने की घोषणा की है। इस योजना के तहत जिले के 50 मेधावी विद्यार्थियों को करियर चयन से लेकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी तक हर स्तर पर मार्गदर्शन, संसाधन और आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
इसकी घोषणा केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने शुक्रवार को महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय में आयोजित करियर काउंसलिंग कार्यक्रम के दौरान की।
हर छात्र पर तीन लाख रुपये का निवेश :
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि सुपर-50 योजना के तहत चयनित प्रत्येक विद्यार्थी पर करीब 3 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इस तरह ट्रस्ट इस योजना पर कुल डेढ़ करोड़ रुपये खर्च करेगा।
योजना के तहत दसवीं और बारहवीं उत्तीर्ण प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का चयन एक विशेषज्ञ समिति करेगी। चयनित विद्यार्थियों को नीट, यूपीएससी तथा अन्य राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आवश्यक मार्गदर्शन, अध्ययन सामग्री और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि यदि योग्य विद्यार्थियों की संख्या अधिक हुई तो भविष्य में इस योजना का दायरा भी बढ़ाया जाएगा।
प्रतिभा संसाधनों के अभाव में पीछे न रहे :
अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि बीकानेर में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, लेकिन कई बार संसाधनों और उचित मार्गदर्शन के अभाव में बच्चे अपने सपनों को पूरा नहीं कर पाते। सुपर-50 कार्यक्रम का उद्देश्य ऐसे ही विद्यार्थियों को आगे बढ़ाना है ताकि आर्थिक स्थिति उनकी सफलता में बाधा न बने। उन्होंने योजना के लिए चयन समिति का गठन कर जल्द प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश भी दिए।
दीपावली पर लगेगा रोजगार मेला :
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि दीपावली के आसपास एक विशाल करियर एवं रोजगार मेले का आयोजन भी किया जाएगा। इसमें 2,000 से अधिक युवाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट लगातार दूसरे वर्ष करियर काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित कर रहा है और यह युवाओं को बेहतर भविष्य तक पहुंचाने में सेतु की भूमिका निभा रहा है।
असफलता से घबराएं नहीं: रामगोपाल सुथार
कार्यक्रम में विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड के अध्यक्ष रामगोपाल सुथार ने युवाओं से कहा कि असफलता को निराशा नहीं, बल्कि नई चुनौती मानकर आगे बढ़ें। उन्होंने शिक्षा के साथ कौशल विकास पर भी विशेष जोर दिया।
प्रमाण पत्र, डिक्शनरी और 500 रुपये का प्रोत्साहन :
कार्यक्रम में पंजीकृत प्रत्येक विद्यार्थी को प्रमाण पत्र, डिक्शनरी तथा 500 रुपये की प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की गई। विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे इस राशि का उपयोग उपयोगी पुस्तकों की खरीद में करें। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने अंतरराष्ट्रीय नशा निषेध दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई। कार्यक्रम के बाद उन्होंने बच्चों से सीधे संवाद कर उनके करियर से जुड़े सवालों के जवाब दिए और मार्गदर्शन किया।