Bhuvneshwar: कटक के सरकारी हॉस्पिटल में आग, 10 जिंदा जले, 05 गंभीर
ट्रॉमा केयर यूनिट में शॉर्ट सर्किट से लगी आग
सीएम ने 25 लाख मुआवजे का ऐलान किया
न्यायिक जांच के आदेश
RNE Network Odisha.
Cuttack के SCB Medical College and Hospital के ट्रॉमा केयर विभाग में सोमवार तड़के भीषण आग लगने से कम से कम 10 मरीजों की दर्दनाक मौत हो गई। मरने वाले सभी मरीज आईसीयू में भर्ती थे और आग की चपेट में आने से जिंदा जल गए। हादसे में पांच अन्य मरीज गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिनका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार ट्रॉमा केयर इंटेंसिव केयर यूनिट में अचानक आग लग गई, जिससे पूरे वार्ड में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक सात मरीजों की मौत आईसीयू के भीतर ही हो गई, जबकि तीन अन्य मरीजों ने बचाव के दौरान दूसरे वार्ड में ले जाते समय दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकलकर्मी, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। कई मरीजों को सुरक्षित वार्डों में शिफ्ट किया गया। आग और धुएं के कारण अस्पताल के 23 कर्मचारी भी बीमार हो गए, जिन्हें उपचार के लिए भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद CM Mohan Charan Majhi भी अस्पताल पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने घायलों और मरीजों से मुलाकात की तथा मृतकों के परिजनों के लिए 25-25 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। साथ ही पूरे मामले की न्यायिक जांच के आदेश दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह हादसा राज्य के सबसे बड़े सरकारी अस्पतालों में से एक में सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।