CBN की बड़ी कार्रवाई, 72 हजार ट्रामाडोल कैप्सूल जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार
RNE Jaipur-Dausa.
दौसा जिले के महवा बायपास पर केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 72 हजार प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल जब्त किए हैं। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि खेप आगरा से लाई गई थी और इसकी सप्लाई जयपुर, दौसा, अलवर समेत आसपास के क्षेत्रों में की जानी थी। अदालत ने दोनों आरोपियों को 26 जून तक CBN रिमांड पर भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार,केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो जयपुर को प्रतिबंधित दवाओं की तस्करी और अवैध सप्लाई को लेकर विशेष सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर अधिकारियों ने महवा बायपास क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई और घेराबंदी कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी। इसी दौरान एक खेप को रोककर जांच की गई, जिसमें भारी मात्रा में ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद हुए।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह खेप आगरा से लाई जा रही थी और इसकी सप्लाई दौसा, जयपुर, अलवर सहित विभिन्न क्षेत्रों में की जानी थी। जांच एजेंसियों का मानना है कि इस मामले के तार एक बड़े ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं।
अधिकारियों के अनुसार, ट्रामाडोल एक नियंत्रित एवं प्रतिबंधित दवा है, जिसका उपयोग चिकित्सकीय उद्देश्यों के अलावा नशे के रूप में भी किया जाता है। इसके दुरुपयोग को देखते हुए इसके अवैध परिवहन और कारोबार पर लगातार निगरानी रखी जाती है।
कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को सिकराय एडीजे कोर्ट में पेश किया गया। अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों को 26 जून तक CBN रिमांड पर भेज दिया। अब जांच एजेंसी आरोपियों से पूछताछ कर सप्लाई चेन, तस्करी नेटवर्क और इस पूरे रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो अधिकारियों का कहना है कि जिले में प्रतिबंधित दवाओं और नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे नेटवर्क पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।