सरकारी योजना के सिलेंडर की संख्या केंद्र सरकार ने घटाई, अब साल में केवल 4 सब्सिडी वाले सिलेंडर मिलेंगे, पहले मिलते थे 12
RNE Network.
केंद्र की भाजपा सरकार की महत्वाकांक्षी ' प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना ' के लाभार्थियों के लाभ पर भी कैंची चल गई है। पीएम के नाम की इस योजना में शुरुआत सब्सिडी के 12 सिलेंडर से हुई थी। मगर कल के निर्णय के बाद अब इस योजना के लाभार्थियों को साल में केवल 4 सिलेंडर सब्सिडी के मिलेंगे।
केंद्र सरकार ने इस योजना में मिलने वाले सिलेंडरों की संख्या में भारी कटौती कर दी है। योजना के तहत गरीब परिवारों को साल भर में 4 सब्सिडी वाले सिलेंडर ही मिल सकेंगे। मई 2016 में जब यह योजना शुरू हुई थी, तब लाभार्थियों को साल में 12 सब्सिडी वाले सिलेंडर मिलते थे। पिछले साल इस कोटे को घटाकर 9 किया गया था, अब इसे और कम करके सिर्फ 4 कर दिया गया है।
पेट्रोलियम एव प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने तर्क दिया है कि कोटे में यह बदलाव उज्ज्वला लाभार्थियों की वास्तविक ओसत सालाना खपत को देखकर किया गया है। औसतन एक गरीब परिवार साल में 4 सिलेंडर ही इस्तेमाल कर पाता है। उज्ज्वला योजना के तहत देश मे 10 करोड़ से ज्यादा गरीब परिवारों को गैस कनेक्शन मिला हुआ है।