CNG Price Hike : पेट्रोल-डीजल के बाद आम आदमी पर एक और मार, CNG के दाम 02 रुपए किलो बढ़े
RNE New Delhi.
Petrol - Diesel की लगातार बढ़ती कीमतों के बीच अब सीएनजी ने भी आम आदमी की चिंता बढ़ा दी है। मंगलवार सुबह दिल्ली-एनसीआर में सीएनजी के दाम में 2 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी कर दी गई। इससे पहले शनिवार को भी 1 रुपये प्रति किलो दाम बढ़ाए गए थे। नई बढ़ोतरी के बाद राजधानी दिल्ली में सीएनजी की कीमत 83.09 रुपये प्रति किलो पहुंच गई है।
15 मई से अब तक सीएनजी के दाम चार बार बढ़ चुके हैं। इस दौरान कुल 6 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी हुई है। वहीं पेट्रोल-डीजल की कीमतों में भी पिछले 10 दिनों में चार बार इजाफा हो चुका है, जिससे परिवहन और घरेलू बजट पर दबाव लगातार बढ़ रहा है।
दिल्ली-NCR में नई सीएनजी दरें
- दिल्ली – 83.09 रुपये प्रति किलो
- नोएडा/ग्रेटर नोएडा/गाजियाबाद – 91.70 रुपये प्रति किलो
- गुरुग्राम – 88.12 रुपये प्रति किलो
- फरीदाबाद – 89.30 रुपये प्रति किलो
सफर महंगा, आम आदमी पर सीधा असर:
सीएनजी महंगी होने से ऑटो-रिक्शा, टैक्सी और निजी वाहनों का सफर और खर्चीला हो जाएगा। दिल्ली-एनसीआर सहित बड़े शहरों में सार्वजनिक परिवहन का बड़ा हिस्सा सीएनजी पर आधारित है, ऐसे में किराए बढ़ने की आशंका भी तेज हो गई है।
विशेषज्ञों के अनुसार माल ढुलाई की लागत बढ़ने से बाजार में महंगाई का असर खाने-पीने की वस्तुओं तक पहुंच सकता है। परिवहन खर्च बढ़ने से रोजमर्रा के सामान महंगे होने की संभावना जताई जा रही है।
इसलिए बढ़ रहे दाम:
जानकारों के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और गैस की कीमतों में तेजी, डॉलर के मुकाबले रुपये की कमजोरी और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण ईंधन महंगा हो रहा है। अमेरिका द्वारा ईरान के खिलाफ हालिया सैन्य कार्रवाई के बाद वैश्विक ऊर्जा बाजार में अस्थिरता और बढ़ गई है।
इधर ईरान पर अमेरिकी हमला :
अमेरिका ने दक्षिणी ईरान में मिसाइल साइट्स और नौसैनिक ठिकानों पर हमले किए हैं। अमेरिकी सेंट्रल कमांड के अनुसार ये कार्रवाई “आत्मरक्षा” में की गई। होर्मुज स्ट्रेट क्षेत्र में बढ़ते तनाव के चलते वैश्विक तेल और गैस सप्लाई को लेकर चिंता गहरा गई है, जिसका असर सीधे भारतीय बाजार पर दिखाई देने लगा है।