{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Jaipur में संयुक्त कमांडर सम्मेलन, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर डॉक्यूमेंट्री जारी की, भविष्य की युद्ध रणनीतियों पर मंथन

 
RNE Jaipur
जयपुर सैन्य स्टेशन में आयोजित दो दिवसीय संयुक्त कमांडर सम्मेलन में देश की सैन्य तैयारियों, भविष्य की युद्ध रणनीतियों और तीनों सेनाओं के बीच बेहतर समन्वय को लेकर गहन विचार-विमर्श किया जा रहा है। सम्मेलन में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सीडीएस अनिल चौहान ने भाग लिया। 
ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित इस सम्मेलन के पहले दिन रक्षा मंत्री ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर आधारित एक विशेष डॉक्यूमेंट्री फिल्म जारी की। फिल्म में आतंकवाद को राज्य नीति के रूप में इस्तेमाल किए जाने की पाकिस्तान की रणनीति को उजागर किया गया है। साथ ही 26/11 मुंबई हमले और पहलगाम आतंकी हमलों जैसी आतंकी घटनाओं को दिखाया गया। 
सम्मेलन के पहले दिन भविष्य के युद्ध स्वरूप, साइबर चुनौतियों तथा आधुनिक सैन्य अवधारणाओं पर आधारित नए सिद्धांत भी जारी किए गए। सम्मेलन के दूसरे दिन आज रक्षा मंत्री और सीडीएस जनरल अनिल चौहान वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक करेंगे। 
इसमें भविष्य की युद्ध रणनीतियों, तीनों सेनाओं की संयुक्तता और तालमेल को बढ़ाने, रक्षा उत्पादन में आत्मनिर्भरता तथा स्वदेशी तकनीक को प्रोत्साहन देने जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। इसके अलावा नागरिक-सैन्य सहयोग को मजबूत बनाने और प्रस्तावित थिएटर कमान के गठन की दिशा में प्रगति की समीक्षा भी बैठक के एजेंडे में शामिल मानी जा रही है।