Dry Fruit भी कर सकते हैं बीमार : 3180 किलो किसमिस, 480 पैकेट अखरोट फिंकवाए, 1018 किलो काली मिर्च सीज!
08 साल पुरानी किसमिस, अखरोट फिंकवाए, मिलावट की आशंका में काली मिर्च सीज!
Dry Fruit भी कर सकते हैं बीमार : 3180 किलो किसमिस, 480 पैकेट अखरोट फिंकवाए, 1018 किलो काली मिर्च सीज!
Rudra News Express Jaipur.
बाजार में मिलने वाली मिठाइयां या फल ही सड़े-गले होने का खतरा नहीं है, जिन ड्राइ फ्रूट को सेहत के लिए फायदेमंद मानते हैं वे भी स्वास्थ्य से खिलवाड़ कर सकते हैं। एक कोल्ड स्टोरेज में जिस तरह के ड्राइ फ्रूट मिले हैं उन्हें देखकर कुछ ऐसा ही कहा जा सकता है। भारी तादाद में रखे गए सूखे मेवे इतने खराब थे कि जांच करने पहुंचे अधिकारी भी देखकर हैरान रह गए। इन्हें सीज करने की बजाय तुरंत नष्ट करवाया। नष्ट करवाए सूखे मेवों में 3180 किलो किसमिस, 480 पैकेट अखरोट भी शामिल है। इसके साथ ही 1018 किलो काली मिर्च सीज की गई है।
कोल्ड स्टोरेज पर जांच, अधिकारी हैरान :
यह कार्यवाही जयपुर के झोटवाड़ा औद्योगिक क्षेत्र स्थित कोल्ड स्टोरेज गोदाम में निरीक्षण के दौरान की गई। यहाँ 7-8 वर्ष पुरानी किशमिश एवं अखरोट रखे मिले। खाद्य सुरक्षा दल ने संबंधित फर्मों के प्रतिनिधियों की सहमति से 3,180 किलोग्राम खराब किशमिश और 480 पैकेट अखरोट नष्ट करवाए। वहीं, मिलावट के संदेह पर 1,018 किलोग्राम काली मिर्च सीज की। मौके पर किशमिश एवं अखरोट से संबंधित फर्म मैसर्स अर्चना एंटरप्राइजेज और दिल्ली ट्रेडिंग कंपनी के प्रतिनिधियों को बुलाया गया। उनकी सहमति से 3,180 किलोग्राम खराब किशमिश तथा 480 पैकेट अखरोट नष्ट करवाए गए।
काली मिर्च में मिलावट का संदेह :
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण, राजस्थान अविचल चतुर्वेदी के निर्देशानुसार, अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह के मार्गदर्शन एवं संयुक्त आयुक्त वी.पी. शर्मा के पर्यवेक्षण में केंद्रीय खाद्य सुरक्षा दल के अधिकारियों ने यह कार्रवाई की। एक अन्य कार्रवाई में मैसर्स मातेश्वरी ट्रेडिंग कंपनी से काली मिर्च का एक नमूना खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत जांच के लिए लिया गया। काली मिर्च में मिलावट के संदेह को देखते हुए 1,018 किलोग्राम सामग्री सीज की गई। नमूने की जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।