{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Elephant Attack : बुजुर्ग महिला को मारा, फसल-घर तहस-नहस, आक्रोशित लोग सड़क पर उतरे

 

RNE Patna-Bihar. 

बिहार के नवादा जिले में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। गोविंदपुर प्रखंड के माधोपुर गांव में हाथियों के झुंड ने भीषण उत्पात मचाते हुए 70 वर्षीय मुन्ना देवी की जान ले ली, जबकि एक घर को पूरी तरह तबाह कर दिया। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध जताया।

जानकारी के अनुसार, मुन्ना देवी अपने बेटे शिवरतन प्रसाद यादव के साथ खेत में गेहूं काट रही थीं। इसी दौरान 2 दर्जन से अधिक हाथियों का झुंड अचानक खेत की ओर बढ़ आया। बेटे ने मां को भागने के लिए कहा, लेकिन वह हाथियों को भगाने की कोशिश करने लगीं। तभी एक हाथी ने उन्हें सूंड में लपेटकर जमीन पर पटक दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मौके पर कई लोग मौजूद थे, लेकिन हाथियों के खौफ के कारण कोई आगे नहीं बढ़ सका। जब तक लोग महिला के पास पहुंचे, उनकी सांसें थम चुकी थीं।

इसी दौरान हाथियों के झुंड ने शिवालक यादव के घर पर भी हमला कर दिया और करीब एक घंटे तक अनाज, बर्तन व अन्य सामान को तहस-नहस कर दिया, जिससे परिवार बेघर हो गया।

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने माधोपुर आरसीबी स्कूल के पास गोविंदपुर–फतेहपुर मुख्य सड़क को जाम कर दिया, जिससे आवागमन बाधित हो गया। सूचना पर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और समझाइश के बाद जाम खुलवाया।

फॉरेस्टर शैलेंद्र कुमार ने बताया कि हाथियों का झुंड भटककर इलाके में पहुंचा है। पीड़ितों के आवेदन मिलने पर सरकारी प्रावधानों के तहत मुआवजा दिया जाएगा।

लगातार हो रही घटनाओं से गांव में दहशत का माहौल है। हाल ही में एक महिला की मौत और कई घरों व फसलों को नुकसान के बाद ग्रामीण रात में सहमे हुए हैं। लोगों ने प्रशासन से हाथियों के आतंक से स्थायी समाधान और सुरक्षा के ठोस इंतजाम की मांग की है।