{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Itly में बना इतिहास : मेलोनी को मोदी की बधाई -‘मेरी दोस्त प्रधानमंत्री’! जानिए दोनों की दोस्ती क्यों है चर्चा में

 

Rudra News Express New Delhi. 

इटली की राजनीति में शुक्रवार को एक नया अध्याय जुड़ गया। जॉर्जिया मेलोनी द्वितीय विश्वयुद्ध के बाद इटली में सबसे लंबे समय तक लगातार प्रधानमंत्री पद पर रहने वाली नेता बन गईं। उनकी सरकार ने 1,413 दिन पूरे कर पूर्व प्रधानमंत्री सिल्वियो बर्लुस्कोनी की 1,412 दिनों की पिछली मिसाल को पीछे छोड़ दिया।

मेलोनी के इस रिकॉर्ड पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई दी। मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में मेलोनी को “मेरी मित्र प्रधानमंत्री मेलोनी” कहते हुए इस उपलब्धि को इटली के लोगों के उनके नेतृत्व पर भरोसे और विश्वास का प्रतिबिंब बताया।

मोदी ने दोस्ती को भी जोड़ा : 

मोदी की बधाई सिर्फ एक औपचारिक राजनयिक संदेश तक सीमित नहीं रही। उन्होंने कहा कि मेलोनी के साथ उनकी दोस्ती ने भारत-इटली विशेष रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। दोनों देशों के बीच सहयोग को आगे बढ़ाने और अपने-अपने देशों के लोगों के लिए समृद्ध भविष्य बनाने की दिशा में मिलकर काम जारी रखने की बात भी मोदी ने कही।

यही वजह है कि मेलोनी के रिकॉर्ड के साथ मोदी की बधाई को खास तौर पर देखा जा रहा है। पिछले कुछ वर्षों में मोदी और मेलोनी की मुलाकातें, गर्मजोशी और सार्वजनिक मंचों पर उनकी सहज केमिस्ट्री अंतरराष्ट्रीय राजनीति में चर्चा का विषय रही है।

इटली में क्यों खास है यह रिकॉर्ड?

इटली गणराज्य की राजनीति लंबे समय से सरकारों के बार-बार बदलने के लिए जानी जाती है। 1946 के बाद देश में सरकारों का औसत कार्यकाल बहुत लंबा नहीं रहा है। ऐसे राजनीतिक माहौल में मेलोनी की सरकार का करीब चार साल तक लगातार सत्ता में बने रहना अपने आप में महत्वपूर्ण है। 


मेलोनी ने 22 अक्टूबर 2022 को प्रधानमंत्री पद संभाला था। उनकी सरकार ने 4 सितंबर 2026 को 1,413 दिन पूरे किए। इससे पहले सबसे लंबा लगातार कार्यकाल सिल्वियो बर्लुस्कोनी की दूसरी सरकार का था, जो 1,412 दिन चली थी।

हालांकि यह पूरे इतालवी इतिहास का सबसे लंबा प्रधानमंत्री कार्यकाल नहीं होगा। यह रिकॉर्ड युद्ध के बाद और इटली गणराज्य के दौर से संबंधित है।

मोदी-मेलोनी: दोस्ती से रणनीतिक साझेदारी तक !

भारत और इटली के रिश्तों में भी मेलोनी के कार्यकाल के दौरान नई सक्रियता दिखाई दी है। मोदी ने अपने संदेश में सीधे तौर पर दोनों नेताओं की दोस्ती को भारत-इटली विशेष रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने वाला कारक बताया है।

दिलचस्प बात यह भी है कि इस साल जून में मेलोनी ने खुद मोदी को भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी थी और दोनों देशों के बीच विशेष रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई थी।

यानी संयोग यह है कि भारत में मोदी का लंबा राजनीतिक सफर और इटली में मेलोनी का रिकॉर्ड कार्यकाल, दोनों मौकों पर एक-दूसरे की ओर से बधाई। इसी पारस्परिक गर्मजोशी के बीच मेलोनी का नया रिकॉर्ड भारत-इटली रिश्तों में व्यक्तिगत कूटनीति और दोनों नेताओं की चर्चित मित्रता के एक और अध्याय के रूप में सामने आया है।