{"vars":{"id": "127470:4976"}}

IIAS-2026 Seoul  : वी. श्रीनिवास की अंतरराष्ट्रीय बैठकें, कोरिया के नेशनल असेंबली स्पीकर मिले, लेबनान-मोरक्को के प्रतिनिधिमंडलों से मीटिंग
 

 


Rudra News Express Jaipur. 

इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ एडमिनिस्ट्रेटिव साइंसेज (IIAS) के अध्यक्ष और राजस्थान के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास दक्षिण कोरिया की राजधानी सियोल में चल रहे IIAS-2026 सम्मेलन में हिस्सा ले रहे हैं। बुधवार को उन्होंने कोरिया की नेशनल असेंबली के स्पीकर जियोंग-सिक चो और आंतरिक एवं सुरक्षा मंत्री हो-जुंग यून से मुलाकात की। इस दौरान प्रशासनिक सुधार, डिजिटल परिवर्तन और आधुनिक शासन व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।

श्रीनिवास ने लेबनान के प्रशासनिक सुधार मंत्री डॉ. फादी मक्की और मोरक्को के प्रतिनिधिमंडल के साथ भी बैठकें कीं। इन मुलाकातों में सरकारी व्यवस्था में सुधार, प्रशासनिक पुनर्गठन और नागरिकों पर अनुपालन संबंधी बोझ कम करने जैसे विषय प्रमुख रहे।

लेबनान में कैसे हो सकता है प्रशासनिक सुधार : 

लेबनान के प्रशासनिक सुधार मंत्री डॉ. फादी मक्की के साथ बैठक में प्रशासनिक सुधारों की अगली पीढ़ी की रणनीति पर विचार-विमर्श हुआ। इसमें Vision Lebanon\@2030, संगठनात्मक सुधार, सरकारी ढांचे का पुनर्गठन और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल बनाने जैसे विषय शामिल रहे। श्रीनिवास ने इस बैठक को सौहार्दपूर्ण और रचनात्मक बताया।

दक्षिण कोरिया के साथ डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन पर मंथन : 

दक्षिण कोरिया के आंतरिक एवं सुरक्षा मंत्रालय के उपमंत्री किम मिन जे के साथ द्विपक्षीय बैठक में डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन पर चर्चा हुई। सरकारी सेवाओं और प्रशासनिक व्यवस्था में डिजिटल तकनीक के उपयोग से जुड़े मुद्दों पर विचार साझा किए गए।

बहरीन-मोरक्को के प्रतिनिधियों से मुलाकात : 

श्रीनिवास ने इंटरनेशनल एसोसिएशन ऑफ स्कूल्स एंड इंस्टीट्यूट्स ऑफ एडमिनिस्ट्रेशन (IASIA) की अध्यक्ष प्रो. डॉ. लीजेल ल्यूज से मुलाकात कर संगठन से जुड़े विषयों पर चर्चा की। बहरीन इंस्टीट्यूट ऑफ पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन की महानिदेशक डॉ. राना अल खलीफा के साथ सुशासन और IIAS से जुड़े मुद्दों पर बातचीत हुई। मोरक्को के नेशनल हायर स्कूल ऑफ एडमिनिस्ट्रेशन (ENSA) की महानिदेशक डॉ. नादा बियाज के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल से भी मुलाकात हुई। इसमें वर्ष 2028 में मोरक्को में प्रस्तावित IASIA सम्मेलन की मेजबानी को लेकर चर्चा की गई।

इसके अलावा यूरोपियन ग्रुप फॉर पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन (EGPA) की संचालन समिति की सदस्य प्रो. डॉ. गैब्रिएला रक्का के साथ यूरोपीय प्रशासनिक व्यवस्था से संबंधित विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। इन बैठकों में IIAS के महानिदेशक डॉ. सोफियाने सह्राउई और संयुक्त राष्ट्र में गवर्नेंस, स्टेट बिल्डिंग एवं संघर्ष रोकथाम के प्रमुख डॉ. यूनुस अबूयूब ने भी भाग लिया। मोरक्को के प्रतिनिधिमंडल में ENSA के रिसर्च, स्टडीज एवं इंटरनेशनल कोऑपरेशन निदेशक रबी लीउइफौदी भी शामिल रहे।

सियोल में हो रही इन उच्चस्तरीय बैठकों के जरिए राजस्थान के मुख्य सचिव को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रशासनिक सुधारों, डिजिटल गवर्नेंस और सुशासन के विभिन्न मॉडलों पर विचार साझा करने का अवसर मिला।