{"vars":{"id": "127470:4976"}}

IIAS Meeting Seoul : भारत की अध्यक्षता में बन रहा दुनिया की शासन व्यवस्था मापने का इंडेक्स!

 

Rudra News Express Jaipur-Bikaner. 

राजस्थान के मुख्य सचिव वी श्रीनिवास इन दिनों दक्षिण कोरिया के सियोल में एक अंतर्राष्ट्रीय संगठन की मीटिंग में शिरकत कर रहे हैं जिसका नाम IIAS यानी International Institute of Administrative Sciences है। वे इस संगठन के अध्यक्ष है। इस मीटिंग में IIAS Governance Index जारी होने जा रहा है। 

पहले जानें क्यों खास है  IIAS की अध्यक्षता : 

पढ़ने-सुनने में यह सामान्य बात लग सकती है कि भारतीय अधिकारी किसी अंतर्राष्ट्रीय संगठन की मीटिंग में शामिल हो रहे हैं  लेकिन गौर करें तो यह राजस्थान ही नहीं देश के लिए गौरव का विषय है। एक भारतीय प्रशासनिक अधिकारी दुनिया के उस संगठन का अध्यक्ष है जिसके सदस्य 164 देश हैं।  वे किसी टर्म के लिहाज से अध्यक्ष नहीं चुने गये है वरन बाकायदा चुनाव लड़कर जीतने वाले अध्यक्ष है। सबसे खास बात यह भी है कि लगभग 96 साल पुराने इस वैश्विक संगठन में ऐसा पहला मौका है जब कोई भारतीय अध्यक्ष बना है।

वी. श्रीनिवास की अध्यक्षता में बना ग्लोबल इंडेक्स :

दरअसल वी श्रीनिवास इन दिनों दक्षिण कोरिया के सियोल में एक ऐसी अंतरराष्ट्रीय पहल का हिस्सा हैं, जिसका उद्देश्य दुनिया के देशों की शासन व्यवस्था और प्रशासनिक प्रदर्शन का तुलनात्मक आकलन करना है। श्रीनिवास अंतरराष्ट्रीय प्रशासनिक विज्ञान संस्थान (IIAS) के अध्यक्ष हैं। उनके नेतृत्व में संस्थान का नया IIAS Governance Index तैयार किया गया है, जिसे 18 नवंबर को रिपोर्ट और वेबसाइट के साथ जारी करने की घोषणा की गई है। इस इंडेक्स के जरिए 164 देशों की शासन व्यवस्था का छह प्रमुख आधारों पर आकलन किया जाएगा।

क्या है IIAS : 

IIAS ब्रसेल्स मुख्यालय वाला अंतरराष्ट्रीय गैर-लाभकारी संस्थान है, जो लोक प्रशासन, सुशासन, प्रशासनिक सुधार और सरकारी सेवाओं की गुणवत्ता पर शोध तथा अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देता है। इसकी स्थापना 1930 में हुई थी। इसके नेटवर्क में 31 सदस्य देश, 20 राष्ट्रीय अनुभाग और 15 शैक्षणिक शोध केंद्र शामिल हैं। भारत 1998 से इसका सदस्य है।

वी श्रीनिवास कैसे बने अध्यक्ष : 

वी. श्रीनिवास 3 जून 2025 को ब्रसेल्स में हुए चुनाव में IIAS अध्यक्ष चुने गए थे। भारत को 141 में से 87 वोट मिले, जबकि ऑस्ट्रिया को 54 वोट मिले। वे 2025 से 2028 तक इस पद पर रहेंगे। IIAS के सौ साल के इतिहास में पहली बार अध्यक्ष का चुनाव मतदान से हुआ और श्रीनिवास इस पद पर पहुंचने वाले पहले भारतीय बने।

क्या होगा नए गवर्नेंस इंडेक्स में : 

नए Governance Index में संस्थागत ईमानदारी, रणनीतिक क्षमता, सरकारी सेवाओं की उपलब्धता, डिजिटल गवर्नेंस, समावेशी शासन और वित्तीय प्रबंधन को मूल्यांकन का आधार बनाया गया है। इसका असर भारत के प्रशासनिक सुधारों पर भी पड़ सकता है। इससे सरकारी सेवाओं के डिजिटलीकरण, पारदर्शिता, जवाबदेही और बजट प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में अंतरराष्ट्रीय अनुभवों से सीखने का अवसर मिलेगा। हालांकि यह इंडेक्स किसी देश पर बाध्यकारी नहीं होगा, बल्कि सुधारों के लिए शोध आधारित गाइडलाइन उपलब्ध कराएगा।