महंगाई ने तोड़ी आम आदमी की कमर, घर की थाली हुई महंगी, रसोई का बजट बिगड़ा
RNE Network.
' महंगाई डायन खावत जाये है ' मध्यम व निम्न वर्ग अब हारकर इसी फिल्मी गीत को गाने में लगा हुआ है। क्योंकि महंगाई ने अब तो पूरी तरह से आम आदमी की कमर तोड़ दी है। रसोई का बजट पूरी तरह से गड़बड़ा गया है। क्योंकि हर घर की थाली की कीमत में बड़ी बढ़ोतरी हो गयी है।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार लगातार पांचवें महीनें मई में भी महंगाई में तेजी से वृद्धि हुई है। दरअसल, पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस के दामों में लगातार 5 महीनें से हो रही वृद्धि ने सब चीजों के दाम बढ़ा दिए हैं। घर में आने वाली खाने पीने की चीजों में अब तो अखरने वाली वृद्धि हुई हैं।
वित्त विभाग की जानकारी के अनुसार मई महीने में महंगाई दर बढ़कर 3.93 प्रतिशत पर पहुंच गई है। खाने - पीने की चीजों के दामों में बेतहाशा वृद्धि हुई है। दालें, तेल, घी, मसाले आदि के दाम बहुत बढ़ गए हैं। ठीक इसी तरह ट्रांपोर्टेशन महंगा हो गया है। उसका असर भी खाने पीने की चीजों के दामों पर पड़ा है।