जनरंजन : नगर निगम के 79 वार्ड के लिए होगा मतदान, एक वार्ड भाजपा ने निर्विरोध, आपका मत करेगा आपके ही भविष्य का निर्धारण, शत प्रतिशत मतदान कर बनाएं बीकानेर का रिकॉर्ड
मधु आचार्य 'आशावादी'
स्थानीय सरकार यानी नगर निगम के वार्डों के लिए आज मतदान हो रहा है। बीकानेर निगम में कुल 80 वार्ड हैं, चुनाव 79 वार्ड में हो रहे हैं। एक वार्ड में भाजपा निर्विरोध चुनाव जीत चुकी है। सभी वार्डों में मुख्य रूप से कांग्रेस व भाजपा के मध्य मुकाबला हो रहा है। कुछ स्थानो पर आरएलपी, बसपा व वाम दल के भी उम्मीदवार है। निर्दलीय और बागियों की संख्या काफी है।
निर्दलीय और बागी पूरे चुनाव की गणित को गड़बड़ा रहे हैं। अनेक वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशी काफी पावरफुल है तो कुछ वार्डों में वो इतने मतों पर दावा कर रहे हैं जिनसे परिणाम पर असर पड़ेगा। मगर पूरे चुनाव को इन निर्दलीयों ने काफी रोचक बना रखा है। पार्टी उम्मीदवारों से कुछ ज्यादा ही प्रचार उन्होंने किया है। अंतिम समय तक , यानी कल तक भी कुछ निर्दलीयों को पार्टियों ने अपने पक्ष में रिटायर कराया है।
किसी भी व्यक्ति को रोजमर्रा के लिए जिन सुविधाओं की जरूरत होती है, उनकी पूर्ति नगर निगम से ही होती है। सड़क, नाली, सीवरेज, सफाई, स्ट्रीट लाइट आदि के काम स्थानीय सरकार के ही जिम्मे होते हैं।
जन्म प्रमाण पत्र, मृत्यु प्रमाण पत्र, मूल निवासी प्रमाण पत्र, शादी का रजिस्ट्रेशन प्रमाण पत्र आदि के लिए भी स्थानीय सरकार यानी निगम की जरूरत पड़ती है। कुल मिलाकर हर व्यक्ति का नगर निगम से काम पड़ता है। इस वजह से ही तो इसे स्थानीय सरकार कहा जाता है। पिछली बार निगम में बहुमत न होने के बाद भी भाजपा ने बोर्ड बनाया और उनका महापौर बना। राज्य में जिसका शासन होता है उसे इस सरकार के चुनाव में फायदा मिलता है।
मत का उपयोग अवश्य करें
यही वो चुनाव है जिसमें आपका मत आपके ही भविष्य का निर्धारण करेगा। इस वजह से आज किसी भी सूरत में मताधिकार का उपयोग करना न चूकें, नहीं तो 5 साल तक पछतावे के अलावा कुछ भी हाथ नहीं आयेगा।
पार्षद का चुनाव अब तो दलीय आधार पर होने लग गया, पहले नहीं होता था। हमें इस बात का ध्यान रखना है कि पार्षद वो बने जो सत्ता की सबसे छोटी इकाई के माध्यम से आपकी रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में मददगार बने, भले ही वो किसी भी दल का हो या निर्दलीय हो। एक पार्षद की अहर्ताएं उसमें हो। ध्यान रहे, पार्षद जितनी योग्यता हो, उससे कम या अधिक न हो। हमें चुनना तो है पार्षद और हम एमएलए जितना योग्य भी चुन लेंगे तो हमें नुकसान ही होगा। पार्षद से कम योग्यता वाला चुनेंगे तो हम अपनी मूलभूत रोजमर्रा की जरूरतें पूरी नहीं करवा सकेंगे। इस कारण सोच समझकर मत का उपयोग करें, उपयोग अवश्य करें।
शत प्रतिशत मतदान कर बनाएं रिकॉर्ड
हम मतदाताओं के पास आज लोकतंत्र का एक बड़ा रिकॉर्ड बनाने का अवसर है। हमें शत प्रतिशत मतदान कर हमारे बीकानेर को राज्य में अव्वल साबित करना चाहिए। ताकि पूरे राज्य को लगे कि हम बीकानेरवासी जागरूक हैं, अपने अधिकार का उपयोग करना जानते हैं।