LPG Cylinder Price Hike: घरेलू सिलेंडर 29 रुपये महंगा, आज से नई दरें लागू
RNE New Delhi-Jaipur.
आम आदमी को महंगाई का एक और झटका देते हुए सरकारी तेल कंपनियों ने घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर के दाम में 29 रुपये की बढ़ोतरी कर दी है। 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू सिलेंडर की नई कीमतें रविवार से लागू हो गई हैं। इससे पहले 7 मार्च को भी सिलेंडर के दाम में 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी।
कीमत बढ़ने के बाद दिल्ली में घरेलू गैस सिलेंडर 942 रुपये, कोलकाता में 968 रुपये, मुंबई में 941.50 रुपये और चेन्नई में 957.50 रुपये का हो गया है। वहीं राजस्थान में जयपुर में 14.2 किलोग्राम का सिलेंडर अब 945.50 रुपये में मिलेगा, जो पहले 916.50 रुपये का था।
राजस्थान एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन प्रदेशाध्यक्ष दीपक गहलोत के मुताबिक कंपनियों की ओर से नई रेट लिस्ट जारी कर दी गई है। इसके अनुसार 5 किलो वाला छोटा सिलेंडर 341.50 रुपये से बढ़कर 352 रुपये तथा 10 किलो का कम्पोजिट सिलेंडर 655 रुपये से बढ़कर 675 रुपये का हो गया है।
चार महानगरों में नई कीमतें
शहर पुरानी कीमत (₹) नई कीमत (₹)
- दिल्ली 913 942
- कोलकाता 939 968
- मुंबई 912.50 941.50
- चेन्नई 928.50 957.50
महीने के बीच में बढ़े दाम:
आमतौर पर तेल कंपनियां हर महीने की पहली या 15 तारीख को एलपीजी की कीमतों की समीक्षा करती हैं, लेकिन हाल के वर्षों में बीच महीने में भी कीमतों में बदलाव देखने को मिला है। इस बार भी 7 जून को कीमतों में संशोधन किया गया है।
कंपनियों ने बताया बढ़ोतरी का कारण:
तेल कंपनियों के अधिकारियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में एलपीजी की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हुई है, जबकि घरेलू उपभोक्ताओं को गैस अपेक्षाकृत कम दरों पर उपलब्ध कराई जा रही है। इससे सरकारी तेल कंपनियों को भारी वित्तीय नुकसान उठाना पड़ रहा है।