{"vars":{"id": "127470:4976"}}

गोलगप्पे खाने के बाद 115 से ज्यादा बच्चे बीमार, गांव में मचा हड़कंप

 

RNE Network.

मुंह को स्वादिष्ट लगने वाले गोलगप्पे भी बीमारी का बड़ा कारण बन गए। आमतौर पर पेट के लिए बेहतर समझे जाने वाले गोलगप्पे बच्चे, महिलाएं आदि बहुत चाव से खाते हैं। चिकित्सकों का कहना है कि इस चर्चित खाद्य को जतन से रखना स्वास्थ्य कारणों से आवश्यक है।
 

राजस्थान के कोटा शहर के सिमलिया क्षेत्र के पोलाई खुर्द गांव से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां पानी - पतासे खाने के बाद 115 से अधिक बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ने से हड़कम्प मच गया। परिजनों ने घटना की सूचना स्वास्थ्य विभाग को दी। बच्चों को उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत मिलते ही जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया तथा गांव में राहत और उपचार शुरू किया गया।
 

इनमें जिन बच्चों की हालत गंभीर पाई गई , उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिमलिया रेफर किया गया। जहां करीब एक दर्जन बच्चे उपचार के लिए भर्ती हैं। चिकित्सकों के अनुसार सभी बच्चों की लगातार निगरानी की जा रही है और आवश्यक दवाई उपलब्ध कराई गई है। अधिकांश बच्चों की हालत स्थिर बताई जा रही है।