{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Nalanda-Bihar : शीतला माता मंदिर में भगदड़, 05 महिलाओं की मौत, कई दबे-कुचले निकाले जा रहे

 

RNE Bihar. 

Bihar के नालंदा जिले से एक बुरी खबर आई है। यहां  थाना क्षेत्र स्थित मघड़ा शीतला माता मंदिर में पूजा के दौरान अचानक भगदड़ मच गई। इस दर्दनाक हादसे में कम से कम 5 महिलाओं की मौत हो गई, जबकि दर्जनभर से अधिक श्रद्धालु घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चैत माह के अंतिम मंगलवार के मौके पर मंदिर में भारी भीड़ उमड़ी हुई थी। इसी दौरान अचानक अफरा-तफरी मच गई और लोग एक-दूसरे पर गिरने लगे। देखते ही देखते हालात बेकाबू हो गए और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इस भगदड़ ke चलते आस्था का माहौल मातम में बदल गया। 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया। प्रशासन ने इलाके को खाली कराकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अत्यधिक भीड़ और सीमित स्थान इस हादसे की मुख्य वजह हो सकती है। हालांकि, प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और घटना के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।

इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है। मंदिर परिसर और अस्पतालों के बाहर परिजनों की भीड़ जमा है, जहां हर कोई अपने अपनों की सलामती की खबर पाने को बेचैन नजर आया।