National Boxing : बीकानेर के हमजा खान अंडर-15 राष्ट्रीय चैंपियनशिप में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेंगे
RNE Bikaner.
बीकानेर जिले के उभरते मुक्केबाज़ हमजा खान ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए 5वीं सब जूनियर (अंडर-15) राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप-2026 के लिए राजस्थान टीम में अपना स्थान पक्का कर लिया है। यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता 23 जून से 29 जून 2026 तक पंजाब के जालंधर स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में आयोजित होगी।
जिला बॉक्सिंग संघ बीकानेर के सचिव योगेश शर्मा ने बताया कि हमजा खान ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी दावेदारी मजबूत की और चयनकर्ताओं का विश्वास जीतने में सफलता प्राप्त की। उनका चयन बीकानेर जिले के लिए गौरव का विषय है।
उन्होंने बताया कि हमजा की इस सफलता के पीछे उनके प्रशिक्षक राजेन्द्र सिंह राठौड़ का विशेष योगदान रहा है। कोच राठौड़ के मार्गदर्शन और तकनीकी प्रशिक्षण की बदौलत हमजा लगातार अपने खेल में निखार लाते हुए नई उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं।
खेल जगत ने दी बधाई :
राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन की खबर मिलते ही बीकानेर के खेल जगत में खुशी की लहर दौड़ गई। राजस्थान बॉक्सिंग संघ के सचिव नरेन्द्र कुमार निर्वाण, अध्यक्ष धीरेन्द्र सिंह, अंतरराष्ट्रीय रेफरी विशाल कुमार निर्वाण, कबड्डी संघ के अध्यक्ष महेन्द्र कुमार व्यास, सचिव सीए जितेन्द्र सिंह राठौड़, कुश्ती संघ के जगन पुनिया, पूर्व बास्केटबॉल कप्तान दानवीर सिंह भाटी, कोच विजेन्द्र रंगा सहित अनेक खेल प्रेमियों ने हमजा खान और उनके कोच को शुभकामनाएं दीं।