{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Delhi Mumbai Expressway: दिल्ली मुंबई एक्सप्रेस-वे को लेकर आया नया अपडेट, पुलिस ने की एडवाइजरी जारी

दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस वे पर रोड का निर्माण पूर्ण न होने के बावजूद वहां चलाने के कारण लोग हादसों का शिकार हो रहे हैं। इस एक्सप्रेसवे को लेकर नया अपडेट आया है। लगातार इस हाइवे पर बढ़ रहे हादसों के चलते पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है।
 

Delhi Mumbai Expressway: दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस वे पर रोड का निर्माण पूर्ण न होने के बावजूद वहां चलाने के कारण लोग हादसों का शिकार हो रहे हैं। इस एक्सप्रेसवे को लेकर नया अपडेट आया है। लगातार इस हाइवे पर बढ़ रहे हादसों के चलते पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। बता दें कि मध्य प्रदेश राज्य झाबुवा जिले में टिमरवानी तक चालू किया गया है। इसके आगे गुजरात सीमा तक रोड बना है, लेकिन इसके आगे निर्माण अधूरा होने से टिमरवानी तक ही यातायात की अनुमति है। इसके बावजूद कई वाहन चालक इस रास्ते का उपयोग कर रहे हैं।

मंगलवार रात पहाड़ से पत्थर गिरकर एक गाड़ी पर लगा। इसके बाद पुलिस ने एक एडवाइजरी जारी की है। लोगों से कहा गया है कि वो इस रास्ते का उपयोग नहीं करें। दरअसल बंद पड़े एक्सप्रेस वे पर कुछ जगह लोगों ने फेंसिंग और बेरिकेडिंग में से रोड पर आने के रास्ते बना लिए हैं। इन्हीं से वो सड़क पर आ जाते हैं। इनमें से कई बाइक चालक होते हैं। जबकि लोगों को ये पता है कि बाइक से दुर्घटना होने पर क्लेम भी नहीं मिलेगा, क्योंकि इस रोड पर बाइक चलाने की अनुमति नहीं है।

पुलिस द्वारा जारी एडवाइजरी में बताया गया कि इस मार्ग पर सीसीटीवी या ड्रोन कैमरों से निगरानी नहीं हो रही है। बरसात में भूस्खलन व चट्टानों से पत्थर गिरने की घटनाएं हो रही हैं। इन कारणों से सुरक्षा का खतरा हो सकता है। बेरिकेडिंग होने के बावजूद अवैध कट बनाकर रास्ते का उपयोग किया जा रहा है। ऐसे में टिमरवानी घाट से दाहोद की ओर जाने वाले मार्ग का उपयोग नहीं किया जाए। दरअसल टिमरवानी से रतलाम की ओर एक्सप्रेस वे चालू है। लेकिन यहां पूर्व में वाहनों पर पथराव की घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने नाइट विजन ड्रोन से निगरानी शुरू की। साथ ही एनएचएआई ने क्रॉसिंग वाले पुलों पर लोहे की ऊंची जालियां लगवाई। इसके बाद घटनाएं बंद हुई। लेकिन टिमरवानी से दाहोद की ओर ऐसी कोई व्यवस्था नहीं है।

दुर्घटना में तीन की मौत हुई थी, मामला उनके खिलाफ ही बना

2024 में टिमरवानी से रतलाम की ओर माही नदी के पास रात 11 बजे एक स्कूटी और कार की टक्कर हो गई थी। स्कूटी सवार तीनों लोगों की घटना स्थल पर मौत हो गई। कार भी पलट गई और इसमें सवार लोग गंभीर घायल हो गए। बाद में एक महिला की मौत हो गई। इस प्रकरण में पुलिस ने केवल कार सवारों की ओर से प्रकरण दर्ज किया था। स्कूटी सवारों के पक्ष का मामला भी दर्ज नहीं हो पाया था। ऐसे में उन्हें बीमा क्लेम भी नहीं मिल सकेगा। ये इस कारण हुआ कि एक्सप्रेस वे पर दो पहिया, तीन पहिया वाहन सहित कुछ अन्य तरह के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित है। फिर भी वो सड़क पर आए और दूसरों की जान को खतरा बने।


पद्म विलोचन शुक्ल, एसपी ने कहा कि एक्सप्रेस वे का जो हिस्सा बंद है, वहां लोगों को नहीं जाना चाहिए। ये खतरनाक हो सकता है। अभी वहां सुरक्षा को लेकर भी चिंता है। पहाड़ों से पत्थर भी गिर सकते हैं। इसीलिए पुलिस ने एडवाइजरी जारी की।